दिग्विजय सिंह ने पत्नी अमृता राय के साथ महाकाल का अभिषेक किया।
- फोटो : अमर उजाला
मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह शनिवार सुबह बाबा महाकाल के दरबार में पहुंचे। उन्होंने गर्भगृह में बाबा महाकाल का पूजन-अर्चन और अभिषेक किया। इस दौरान उनकी पत्नी अमृता राय भी उनके साथ थी।
दिग्विजय सिंह गुरुवार रात को उज्जैन पहुंचे थे। शुक्रवार को उन्होंने पार्टी के कार्यकर्ताओं को एकजुटता का पाठ पढ़ाया। विधानसभा चुनावों की तैयारियों की समीक्षा की। यह भी बताया कि चुनाव जीतने के लिए क्या-क्या करना होगा। इसके बाद शनिवार सुबह महाकाल के दरबार में पहुंचे।
महाकाल मंदिर के पुजारी संजय गुरु ने कहा कि शनिवार सुबह पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने बाबा महाकाल की भस्मारती के दौरान दर्शन किए। साथ ही बाबा महाकाल का पूजन-अर्चन भी किया। उन्होंने पत्नी अमृता राय के साथ यह पूजा की और गुरुजनों का आशीर्वाद भी प्राप्त किया। पंडित संजय गुरु ने बताया कि गर्भगृह में बाबा महाकाल का पूजन करने के बाद दिग्विजय सिंह नंदी हॉल में पहुंचे। उन्होंने भगवान नंदी का पूजन-अर्चन करने के बाद उनके कानों मे अपनी मनोकामना भी व्यक्त की।
बाबा महाकाल की भक्ति मे दिखे लीन
पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह पूजन-अर्चन के बाद नंदी हॉल में बाबा महाकाल की भक्ति में लीन नजर आए। उन्होंने कुछ मंत्रों का जाप भी किया। मीडिया ने महाकाल मंदिर में उनसे चर्चा करना चाहा लेकिन उन्होंने कुछ भी कहने से इनकार कर दिया।