रीवा जिले में विकास यात्रा में शामिल होने के पूर्व ही मध्यप्रदेश विधानसभा अध्यक्ष गिरीश गौतम की अचानक तबीयत खराब हो गई थी। इसके बाद से ही वे भोपाल स्वास्थ्य लाभ ले रहे थे। ठीक होने के बाद विधानसभा अध्यक्ष गिरीश गौतम दिनांक 26 फरवरी को बाबा महाकाल की शरण में पहुंचेंगे। बाबा महाकाल का पूजन-अर्चन अभिषेक करने के बाद जिले के अधिकारियों व सामान्यजनों से भेंट करेंगे। लगभग तीन बजे भोपाल के लिए रवाना हो जाएंगे।
भोपाल में एक निजी अस्पताल में भर्ती विधानसभा अध्यक्ष गिरीश गौतम रविवार को दोपहर 12 बजे उज्जैन पहुंचेंगे। जहां वह बाबा महाकाल का पूजन-अर्चन करेंगे। बताया जाता है कि स्वास्थ्य लाभ होते ही उन्होंने बाबा महाकाल के दर्शन करने की इच्छा जाहिर की थी। इसके बाद यह प्रोग्राम तय किया गया है। अधिकृत कार्यक्रम के अनुसार वह रविवार को सवा 12 बजे बाबा महाकाल के दर्शन-पूजन करेंगे। विधानसभा अध्यक्ष गिरीश गौतम ने इससे पहेल भी महाकाल का आशीर्वाद लेकर विधानसभा सत्र की शुरूआत की थी।
अचानक बिगड़ी थी तबीयत और लौट गए थे भोपाल
विधानसभा अध्यक्ष गिरीश गौतम विकास यात्रा के दौरान मनगवां गए थे। रात में तेज बुखार के बाद दिन में उन्हें घबराहट महसूस हुई। दोपहर करीब साढ़े तीन बजे उन्हें रीवा के चौराहा स्थित हवाई पट्टी से भोपाल रवाना किया गया। भोपाल पहुंचने के बाद गिरीश गौतम को निजी अस्पताल ले जाया गया था। कुछ दिन पूर्व मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने भी उनसे मुलाकात कर हाल-चाल जाने थे।