उज्जैन सांसद अनिल फिरोजिया और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी।
- फोटो : फाइल फोटो
अगर आपको कोई कहे कि वजन कम करने के बदले रुपये मिलेंगे तो आपको कैसा लगेगा। रुपये भी थोड़े नहीं बल्कि करोड़ों में। सुनकर अजीब लग रहा है न लेकिन ये सच है। उज्जैन के सांसद से यह बात केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कही थी, जिसके बाद सांसद वजन कम करने में जुटे और 12 किलो वजन कम कर लिया। अब 12 हजार करोड़ रुपये शहर के विकास के लिए मिलने की उम्मीद जागी है।
दरअसल बात करीब तीन माह पुरानी है। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने उज्जैन में 23 फरवरी को विकास कार्यों की घोषणाओं के बीच सेहत पर भी बात कही थी। उन्होंने स्वयं के बार में बताया था कि उनका वजन ज्यादा था, अब कम कर लिया है। उन्होंने सांसद अनिल फिरोजिया को भी वजन कम करने की सलाह देते हुए कहा था कि आप जितने किलो वजन कम करोगे। मैं उतने हजार करोड़ विकास कार्यों के लिए दूंगा। तीन महीने बाद सांसद ने अपना वजन 12 किलो तक कम कर लिया है। ऐसे में सांसद फिरोजिया से सवाल किए जा रहे हैं कि फरवरी में केंद्रीय मंत्री गडकरी ने जो वादा किया था उसे निभाते हुए 12 हजार करोड़ रुपये उज्जैन के विकास के लिए देने चाहिए।
सांसद अनिल फिरोजिया से सोमवार को पत्रकारों ने सवाल किया तो जवाब में उन्होंने बताया कि मैंने अपना वजन 12 किलो कम कर लिया है। वे केंद्रीय मंत्री को उनके द्वारा किए वादे की याद दिलाएंगे। दरअसल जब यह वाकया हुआ था तब सांसद फिरोजिया का वजन बहुत ज्यादा था, जिसके चलते केंद्रीय मंत्री ने यह बात कही थी। हालांकि अब देखना यह है कि केंद्रीय मंत्री ने जो वादा किया था उसे पूरा करते हैं या नहीं, क्योंकि सांसद ने तो वजन कम करके दिखा दिया, अब मंत्री को वादा निभाना है।