उज्जैन में इंदौर की एक महिला के साथ चलती कार में सामूहिक दुष्कर्म और बर्बरता का मामला सामने आया है। पीड़िता का आरोप है कि उसके दोस्त ने उसे मिलने के लिए उज्जैन बुलाया था, जिसके बाद अन्य सहयोगियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया गया। आरोपियों ने महिला के साथ मारपीट की और उसे इंदौर में छोड़कर फरार हो गए। मामले में पुलिस ने पीड़िता के लिखित आवेदन के आधार पर दो आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
इंस्टाग्राम पर संपर्क और कार में दरिंदगी
पीड़िता ने बताया कि कुछ महीने पहले इंस्टाग्राम के माध्यम से उसकी पहचान उज्जैन निवासी चक्रेश जैन से हुई थी। दोनों पूर्व में भी एक-दो बार मिल चुके थे। सोमवार को चक्रेश के बुलाने पर महिला बस से उज्जैन पहुंची। मेघदूत होटल के पास चक्रेश अपने एक साथी के साथ कार लेकर मिला। पीड़िता का आरोप है कि वे उसे कार में घुमाते रहे और यौन उत्पीड़न किया। वीडियो में महिला ने दावा किया कि रास्ते में चक्रेश के चार अन्य दोस्त भी कार में सवार हुए, जिन्होंने मारपीट की और उसे गंभीर रूप से घायल किया।
ये भी पढ़ें: एमपी हाईकोर्ट को मिलेंगे 7 नए जज: सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने दी मंजूरी, 45 होगी न्यायाधीशों की संख्या
अस्पताल के पास छोड़ा और थाने पहुंची
घटना के बाद आरोपी महिला को इंदौर में अरविंदो अस्पताल के पास छोड़कर चले गए। पीड़िता के मुंहबोले भाई के पास रात लगभग नौ बजे महिला का रोते हुए फोन आया, जिसने पूरी घटना बताई। भाई उसे लेने अरविंदो अस्पताल पहुंचा और वहां से दोनों नानाखेड़ा थाने पहुंचे। महिला रात 12 बजे थाने पहुंची और अपनी आपबीती बताई। इसके बाद पुलिस ने घटनाक्रम की पड़ताल शुरू की और पीड़िता को सहायता उपलब्ध कराई।
दो आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए सीएसपी श्वेता गुप्ता और टीआई नरेंद्र यादव ने पीड़िता से करीब दो घंटे तक गहन पूछताछ की। रात लगभग दो बजे पीड़िता को मेडिकल जांच के लिए भेजा गया। पुलिस के अनुसार महिला अपनी सहमति से बस से उज्जैन आई थी। उसके लिखित आवेदन पर दो आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया वीडियो में चार से पांच लोगों की संलिप्तता का दावा है, जबकि लिखित आवेदन दो के विरुद्ध है। मेडिकल रिपोर्ट और जांच के बाद आगे की स्थिति स्पष्ट होगी।