घटनास्थल जहां पति ने पत्नी को जलाया था
- फोटो : सोशल मीडिया
जिले के झारड़ा गांव में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी को जिंदा जला दिया। आरोपी पति को अपनी पत्नी के चरित्र पर शंका थी, इसी कारण दोनों में विवाद होते थे। विवाद बढ़ने पर पति ने आपा खो दिया और पत्नी के ऊपर केरोसिन डालकर आग लगा दी।
जानकारी के मुताबिक महिदपुर के झारड़ा थाना क्षेत्र के अंतर्गत नलखेड़ा गांव में यह घटना हुई। मृतका का नाम अनीता (32) है। उसके पति मोकम सिंह (36) ने उस पर केरोसिन डालकर आग लगा दी। यह घटना गुरुवार को बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि गुरुवार को पति-पत्नी में झगड़ा हुआ था। पति ने पत्नी की पिटाई की थी। पति के ऊपर खून सवार था। यह देखकर पत्नी जान बचाकर भागी और पड़ोस में स्थित किराने की दुकान में जाकर छिप गई। पति भी पीछे-पीछे भागा। दुकान का शटर तोड़कर वह दुकान घुसा और पत्नी को पीटा। वहीं पर केरोसिन डालकर पत्नी को जिंदा जला दिया। महिला करीब 90 फीसदी झुलस गई थी। उसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया जहां मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी ने घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरे और एलसीडी को तोड़ दिया। डीवीआर लेकर वहां से भाग गया। दूर जाकर करीब 500 फीट गहरे बोरवेल में डीवीआर फेंककर भाग गया।