सतना जिले में सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत मझगवां भट्टा के पास शुक्रवार को भीषण सड़क हादसा हुआ। सड़क किनारे खड़े ट्रक से दो अलग-अलग बाइक सवार जा भिड़े। घटना में दोनों बाइकों पर सवार चार लोगों में से तीन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे जिला चिकित्सालय जबलपुर भेजा गया।
खड़े ट्रक में सबसे पहले बाइक सवार अवधेश चौधरी और विवेक चौधरी जा घुसे। ये सतना से खामा खूजा ग्राम की ओर जा रहे थे, तभी सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गए। हादसे में दोनों की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
वहीं, कोठी कस्बे से शादी का कार्ड बांट कर सतना की ओर आ रहे बाइक सवार रामनरेश बुनकर और रामप्रकाश कुशवाहा भी उसी खड़े ट्रक में जा घुसे। घटना में रामनरेश बुनकर की घटनास्थल पर ही मौत हो गई वहीं, घायल रामप्रकाश को प्राथमिक उपचार के बाद जबलपुर रेफर किया गया।
आधी सड़क घेर कर खड़ा था ट्रक
चित्रकूट-कोठी स्टेट हाईवे सड़क पर खड़ा उक्त ट्रक पास के ही एक मिलर से निकल कर आया था। चालक ट्रक को सड़क के किनारे खड़ा कर वहां से कहीं गया था। बताया गया है कि ट्रक आधी से अधिक सड़क को घेर कर खड़ा था। इसकी वजह से तीन लोगों की जान चली गई। फिलहाल पुलिस ने मृतकों के शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजे। पुलिस आगे भी जांच में जुटी है।