टीकमगढ़ शहर के महेंद्र सागर तालाब में गुरुवार सुबह करीब नौ बजे पांच साल के मासूम की लाश पानी में उतराती मिली। प्रत्यक्षदर्शियों की सूचना पर टीकमगढ़ के कोतवाली थाने से पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पता चला कि मासूम एक महिला के साथ वहां पहुंचा था। वह महिला अब गायब है। मासूम की शिनाख्त की कोशिश की जा रही है।
कोतवाली पुलिस का कहना है कि गोताखोरों की मदद से लाश को तालाब से निकाल लिया गया है। थाना प्रभारी आनंद राज ने बताया कि पुलिस मौके पर पहुंची और लाश को बाहर निकाल लिया है। अब तक थाने में किसी भी गुमशुदगी की रिपोर्ट नहीं आई है। बच्चे की शिनाख्त की कोशिश की जा रही है। आसपास के थानों से पता लगाया जा रहा है कि इस बालक की गुमशुदगी दर्ज तो नहीं हुई है। पंचनामा की कार्यवाही की गई है। तालाब पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि यह बालक एक महिला के साथ वहां पहुंचा था। उस महिला की तलाश की जा रही है। फिलहाल पुलिस को महिला का कोई पता नहीं चल सका है।