मध्यप्रदेश में चाहिन्या कला गांव में शनिवार शाम को एक हैंडपंप का दूषित पानी पीने से तीन लोगों की मौत हो गई और 50 से अधिक लोग उल्टी दस्त से पीड़ित हो गए । उल्टी दस्त से पीड़ित 25 लोगों का उपचार जिला अस्पताल में चल रहा है शेष लोगों को जांच के बाद छुट्टी दे दी गई है।
जिला के अतिरिक्त कलेक्टर राजेश शाही ने रविवार को बताया कि पिंडरईकला के ग्राम चान्हिया कला गांव में लगे एक हैंडपंप से दूषित पानी पीने से दो बुजुर्ग महिलाओं रमौली उसरेठे (80), मीरा (50) और चार वर्षीय बालिका रिशिना ईवनाती की मौत हो गई। इसमें 50 से अधिक लोग उल्टी दस्त से बीमार हो गए।
उन्होंने बताया कि बीमार लोगों को शहर के निजी और जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां 25 लोगों का उपचार अब भी चल रहा है। उन्होंने बताया कि प्राथमिक जांच में सामने आया है की गांव के लोग ने हैंडपंप के पानी का सेवन किया था जिसके चलते डायरिया फैलने की शिकायत सामने आई।
अधिकारी ने बताया कि खबर लगते ही मैं स्वयं, तहसीलदार महेश अग्रवाल, पीएचई अधिकारी सहित स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची और शिविर लगाकर ग्रामीणों की जांच की गई और दवाइयों का वितरण भी किया गया।
एडीएम ने बताया कि पीएचई विभाग द्वारा पानी का नमूना लेकर जांच के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट होगा कि पानी के कारण लोग बीमार हुए है या फिर और कोई कारण है।