रीवा के मऊगंज पुलिस थाने में चोरी के आरोपी की मौत का मामला तूल पकड़ गया है।
- फोटो : सोशल मीडिया
मध्यप्रदेश के रीवा में पुलिस गिरफ्त में एक चोरी के आरोपी की मौत का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। मामले में एक आरक्षक और एएसआई को निलंबित कर दिया गया है। वहीं न्यायिक जांच के आदेश भी दिए गए हैं।
जानकारी के अनुसार मऊगंज थाना क्षेत्र स्थित एक मकान में चोरी करने के इरादे से दो चोर घुस गए थे। घरवालों ने चोरों को पकड़ लिया और फिर दोनों चोरों को घर के पास स्थित एक पेड़ में बांधकर पहले तो खूब पीटा गया और घंटों तक पिटाई करने के बाद पुलिस के हवाले कर दिया। डायल 100 की टीम दोनों चोरों को पकड़कर थाने ले आई। इस बीच थाने के अंदर ही अचानक एक आरोपी कैलाश लोधी की तबीयत बिगड़ने लगी और वह उल्टी करने लगा। तभी पुलिस ने उसे आनन-फानन में अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार कैलाश लोधी के खिलाफ पहले से ही मऊगंज थाने में कई प्रकरण दर्ज हैं और उसने चोरी के इरादे से एक घर में प्रवेश किया था। मामले पर पुलिस ने तत्काल प्रकरण पंजीबद्ध करते हुए मृतक कैलाश दुबे के साथ पिटाई करने वाले चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। एक आरक्षक सहित एएसआई को निलंबित कर दिया गया है। मामले की न्यायिक जांच भी की जाएगी।