पांढुर्णा में दिनदहाड़े दो बदमाश एक युवक से रुपयों से भरी थैली छीन ले गए।
- फोटो : Social Media
छिंदवाड़ा जिले के पांढुर्णा में दिनदहाड़े दो बदमाश एक युवक से रुपयों से भरी थैली छीन ले गए। थैली में सवा दो लाख रुपये थे। युवक ये रुपये बैंक में जमा करने निकला था। सीसीटीवी के आधार पर पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।
जानकारी के अनुसार मामला गुरुवार का है। घटना पांढुर्णा के बस स्टैंड स्थित निर्मल उज्जवल सोसाइटी बैंक के सामने की है। पुलिस ने बताया कि शंकर नगर का रहने वाला सुरेश निकाजू निर्मल उज्जवल सोसाइटी बैंक में दो लाख बीस हजार रुपये जमा करने जा रहा था। उसने रुपये एक थैली में रख रखे थे। बैंक के सामने अचानक दो बाइक सवार पीछे से आए तो तो उसके हाथ से रुपयों से भरी थैली छीन ले गए। उसने तुरंत शोर भी मचाया, लोग बाइक सवारों के पीछे भागे पर कोई सफलता नहीं मिली।
घटना की सूचना पुलिस को दी गई। पांढुर्ना और बढचिचोली पुलिस मौके पर पहुंची तथा बैंक के आसपास स्थित प्रतिष्ठानों में सीसीटीवी फुटेज खंगाले। पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों में नाकाबंदी कर गश्त बढ़ा दी है। बाइक के हुलिए के आधार पर भी आरोपियों की तलाश कर रही है। जिस तरह से वारदात घटित हुई उससे पुलिस यह आशंका व्यक्त कर रही है कि दोनों युवक पैसे जमा करने आ रहे शख्स पर नजर रख रहे थे तभी उन्होंने बैंक के पास इस तरह की वारदात को बड़ी आसानी से अंजाम दिया है ऐसे में संदिग्ध की भी जानकारी जुटाई जा रही है।