छिंदवाड़ा की इंडेन की वह एजेंसी जहां झूठी लूट की बात सामने आई थी।
- फोटो : अमर उजाला
छिंदवाड़ा के सौसर में इंडेन गैस कार्यालय में हुई लूट की वारदात फर्जी निकली। सौसर और लोधीखेड़ा पुलिस ने इसका खुलासा कर दिया है। सोमवार सुबह 8:00 बजे सौसर के इंडेन गैस के कर्मचारी अश्विन वाल्मिक ने शिकायत दर्ज की थी कि दो लुटेरों ने सिर पर बोतल मारकर उसे बंधक बनाया। फिर उसे बंधक बनाकर काउंटर में रखे 7.50 लाख रुपये लूटकर ले गए।
सुबह-सुबह लूट की वारदात की खबर मिलते ही तत्काल सौसर लोधी खेड़ा पुलिस वारदात पर पहुंच गई थी। दो से तीन घंटे तक चली जांच के बाद यह बात खुलकर सामने आई कि यहां कोई लूट की वारदात हुई ही नहीं है। जिस कैशियर ने मारपीट के बाद लूट की बात होने की बात कही थी। वह बार-बार बयान बदल रहा था। उस पर पुलिस को शक हुआ। पुलिस ने थोड़ी ही देर में पूरी वारदात झूठी साबित कर दी। पुलिस की माने तो कैशियर अश्विन बाल्मिक की पत्नी का कुछ दिन पहले अबॉर्शन हुआ था। इसके चलते उसके इलाज में काफी पैसे खर्च हो गए थे। उसकी आर्थिक स्थिति बिगड़ गई थी। इस वजह से उसने ऐसा कदम उठाया।