शिरडी वाले साईं बाबा की आलोचना करने के मामले में द्वारका पीठ के शंकराचार्य स्वरूपानंद सरस्वती को यहां की एक स्थानीय अदालत ने समन जारी किया है।
कोर्ट ने शिकायत के आधार पर स्वरूपानंद सरस्वती को 8 अगस्त को पेश होने के लिए कहा है।
उनके वकील अश्विन कुमार ने बताया कि अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (एसीजेएम) दीपक पांडे ने साईं बाबा के भक्त राजेश शिवसांगिया (50) की शिकायत पर शंकराचार्य को समन जारी किया है।
धारा 298 (धार्मिक भावनाएं आहत करना) के अंतर्गत कोर्ट ने मामले में संज्ञान लिया है और 90 वर्षीय साधु को अगली सुनवाई में पेश होने को कहा है।
अश्विन कुमार ने बताया कि शिकायतकर्ता शिवसांगिया राजवाड़ा क्षेत्र में एक पुरुष ब्यूटी पार्लर चलाते हैं। उन्होंने गत 25 जून को शिकायत दर्ज कराई थी।
शिकायतकर्ता ने बयान की सीडी भी मुहैया कराई है। उनका आरोप है कि इस बयान से लाखों भक्तों की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। इस मामले में तीन गवाहों के बयान कोर्ट के समक्ष रिकॉर्ड हो चुके हैं।