बंद पड़े घर से मिले पिता और दाे बच्चों के शव।
- फोटो : अमर उजाला
मध्य प्रदेश के मऊगंज जिले का गडरा गांव एक बार चर्चा में है। गांव में शुक्रवार को एक बंद पड़े घर में पिता और दो बच्चों के शव मिले हैं। लगातार बदबू आने से परेशान पड़ोसियों ने इसकी सूचना पुलिस को दी थी। मौके पर पहुंची पुलिस दरवाजा तोड़कर अंदर गई तो घर में तीन शव फंदे पर झूल रहे थे। शवों की पहचान त्योंसी साकेत (55) उसके बेटे अमन साकेत (8) और बेटी मीनाक्षी (11) के रूप में हुई है। पुलिस ने तीनों शवों को पीएम के लिए भिजवा कर मामले की जांच शुरू कर दी है। बता दें कि गडरा वहीं गांव है जहां 15 मार्च को हिंसा हुई थी। एक युवक की हत्या के बाद आदिवासी समाज के लोगों ने पुलिस पर हमला कर दिया था। हमलें में एक पुलिस अधिकारी की मौत हो गई थी, जबकि कई घायल हो गए थे।
ये भी पढ़ें:
शिक्षिका नौकरी से बर्खास्त, तीन बच्चे होने के कारण गई नौकरी, सरकार से छिपाई थी जानकारी
बताया जा रहा है कि त्योंसी साकेत (55) का घर 15 मार्च को हुई बवाल के बाद से बंद था। न तो घर से कोई बाहर आ रहा था और न ही अंदर जा रहा था। एक दो दिन से त्योंसी के घर से बदबू आ रही थी। शुक्रवार को यह बदबू तेज हो गई। जिसके बाद पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस दरवाजा तोड़कर अंदर पहुंची तो नजारा देखकर सबके होश उड़ गए। घर में पिता त्योसी और दो बच्चों मीनाक्षी और अमन का शव फंदे पर झूल रहा था। घटना की सूचना पर मऊगंज कलेक्टर, एसपी और एडिशनल एसपी भी मौके पर पहुंचे हैं।
ये भी पढ़ें:
व्हाट्सएप पर फोटो भेजकर पूछा- इसे पहचानते हैं? डाउनलोड करते ही खाते से उड़े लाखों रुपये, कैसे की ठगी?
एक सप्ताह पहले हुई मौत
पुलिस के मुताबिक शवों की हालत देखकर तीनों की मौत एक सप्ताह पहले होने की आशंका जताई जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि 15 मार्च के बाद से त्योंसी साकेत का परिवार सहमा हुआ था। उन्होंने पुलिस सपर त्योंसी के साथ मारपीट करने के भी आरोप लगाए हैं। वहीं, पुलिस इन आरोपों से इनकार कर रही है। पुलिस का कहना है कि यह सामूहिक आत्महत्या का मामला लग रहा है। हालांकि, मामले की जांच की जा रही है।
ये भी पढ़ें:
युवती से विवाद के बाद छात्र ने खाया जहर, इकलौता बेटा जाने से बेसुध हुए परिजन
दो शादियां की, दूसरी पत्नी छोड़कर गई
ग्रामीणों का कहना है कि त्योंसी साकेत सिलाई का काम करता था। उसकी पहली पत्नी की मौत हो गई थी। जिसके बाद उसने दूसरी शादी की थी, लेकिन पत्नी छोड़कर चली गई। वह अपने दो बच्चों के साथ में यहां रह रहा था।