परिवारों की काउंसलिंग करती पुलिस।
- फोटो : अमर उजाला
रिश्ते कैसे टूटते हैं इसकी एक बानगी देखिए। पति दूसरी महिला के चक्कर में पत्नी को समय नहीं देता था तो पत्नी भी पति के दोस्त के प्रेम में पड़ गई। सब ठीक चल रहा था लेकिन एक दिन प्रेमी ने ही पति को बता दिया कि उसकी पत्नी उसके प्रेम में है। इसके बाद शुरू हुआ रिश्तों के दरकने का दौर। पति ने पत्नी को घर से निकाल दिया और जब पत्नी प्रेमी के घर पहुंची तो वहां भी आसरा नहीं मिला। आइये हम आपको बताते हैं कि कैसे बना यह प्रेम त्रिकोण और कैसे हुआ मामले का पटाक्षेप...
मामला इंदौर के हीरानगर थाना क्षेत्र का है। पुलिस की संवेदनशीलता से दो परिवार टूटने से बच गए। हीरानगर इलाके में रहने वाली पूजा (परिवर्तित नाम) अपने प्रेमी राजेश (परिवर्तित नाम) के खिलाफ शिकायत लेकर हीरा नगर थाना प्रभारी सतीश पटेल के पास पहुंची। पूजा ने बताया कि पति प्रकाश (परिवर्तित नाम) के दोस्त राजेश (परिवर्तित नाम) के साथ उसका प्रेम प्रसंग चल रहा था। अचानक एक दिन नशे की हालत में राजेश ने ही उसकी पोल खोल दी। इसके बाद उनके घर में विवाद होने लगे। प्रकाश ने उसे साथ रखने से मना किया और घर से निकाल दिया। इसके बाद से वह काफी परेशान थी। वह अपने राजेश के घर पहुंची और उससे साथ रखने की बात कही। प्रेमी के घर पर भी इसका पता चला तो वहां पर भी कोहराम की स्थिति बन गई। उसकी पत्नी टीना ने भी विरोध जताया। इस पूरे रिश्ते पर नाराजगी जताई। पुलिस ने मामले को सुना तो लगा कि दोनों परिवार टूट सकते हैं।
इस तरह हुई हैप्पी एंडिंग...
हीरानगर पुलिस ने सभी पक्षों को अलग-अलग बुलाकर उनकी काउंसलिंग शुरू की। काउंसलिंग के दौरान पता चला कि शिकायत करने वाली महिला को शादी के पहले ही उसका पति प्रकाश अपने साथ ले आया था। इसके बाद उन्होंने शादी की और साथ रहने लगे। कुछ समय पहले पति का भी किसी से अफेयर शुरू हो गया था, तो पति ने पत्नी पूजा की तरफ ध्यान देना बंद कर दिया। वह पत्नी को समय नहीं देता था। नतीजतन, पत्नी का संपर्क पति के दोस्त से हो गया था। इस जानकारी के बाद मामला और ज्यादा पेचीदा हो गया था। पूजा किसी पर एफआईआर भी नहीं करवाना चाहती थी, लेकिन अपनी परेशानी का हल भी चाहती थी। पुलिस की कुछ दौर की काउंसलिंग के बाद उनके बीच विवाद खत्म करने को लेकर समझौते की स्थिति बनने लगी। दोनों ही परिवार चाहते थे कि अब तक जो हुआ वह भूलकर आगे बढ़े। आगे से महिला और उसका प्रेमी कोई संपर्क नहीं रखेंगे, न मिलेंगे। पति अपनी पत्नी पर ध्यान और समय देगा। दोनों ने पुलिस के सामने इस बात को स्वीकार भी किया। पुलिस की काउंसलिंग का असर रहा कि सभी पक्ष मान गए। उन्होंने कहा कि आगे से अच्छी तरह से रहेंगे। पुलिस के प्रयासों से दो परिवार टूटने से बचे और हीरानगर टीआई पटेल के साथ ही टीम को धन्यवाद दिया।