सतना जिले की धार्मिक नगरी चित्रकूट में नाबालिग से सामूहिक दुराचार का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मामले पर सतना के नयागांव थाना पुलिस ने तत्काल एक्शन लेते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल में भेज दिया है। नाबालिग लड़की बीमार थी जिसे इलाज के बहाने उसका दोस्त चित्रकूट लाया था, लेकिन पीड़िता गैंगरेप का शिकार हो गई। गैंगरेप की घटना ने समाज को शर्मसार कर दिया।
जानकारी के अनुसार घटना मंदाकिनी नदी के किनारे भरत घाट की है। पीड़िता बरौंधा थाना क्षेत्र की है, जिसे लंबे वक्त से पेट में दर्द की शिकायत थी, उसके माता-पिता को बहला-फुसलाकर एक युवक नाबालिक लड़की को इलाज के लिए चित्रकूट लेकर आया था। युवक उत्तर प्रदेश के बांदा जिले का रहने वाला है। भरत घाट के किनारे शुक्रवार रात करीब 12:00 बजे वह नाबालिग लड़की को घाट के किनारे बने चेंजिंग रूम में ले गया और उसके साथ गलत काम करने लगा इस दौरान घाट पर उपस्थित कई नाविक उन्हें देख रहे थे, जब युवक नाबालिक लड़की के साथ गलत काम कर रहा था, तभी सभी नाविक वहां पहुंच गए और युवक और लड़की को डराया धमकाया, सभी लड़की और युवक को नाव में बैठाकर एकांत स्थान पर ले गए और लड़की के साथ गैंगरेप की घटना को अंजाम दिया। सुबह 4:00 बजे नाबालिक लड़की नयागांव थाना पहुंची और पुलिस को घटना के बारे में बताया। पुलिस तत्काल हरकत में आई और सभी आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तार कर लिया। इस घटना में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। वहीं, नाबालिक लड़की को इलाज के बहाने चित्रकूट लाने वाले युवक को भी पुलिस ने आरोपी बनाया है। सभी पर घटना से संबंधित धाराओं और पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। सभी आरोपी जेल भेज दिए गए हैं।