प्रशासन के द्वारा बैरीयर लगा कर रोका गया रास्ता
सीधी-सिंगरौली नेशनल हाईवे पर देवसर से आगे स्थित खाखन नदी का पुल तेज बारिश के चलते जलमग्न हो गया है। पुल के ऊपर से पानी का तेज बहाव होने के कारण इस व्यस्त राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह से ठप हो गई है।
जानकारी मिलते ही जियावन थाना पुलिस बल तुरंत मौके पर पहुंची और मोर्चा संभाला। किसी भी अनहोनी या बड़े हादसे को रोकने के लिए पुलिस ने दोनों ओर से बैरिकेडिंग कर वाहनों की आवाजाही पर रोक लगा दी है। स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि यह संकट हाईवे निर्माण कंपनी की बड़ी लापरवाही का नतीजा है। कंपनी ने लंबे समय से खाखन पुल के निर्माण कार्य को अधूरा छोड़ रखा है। यदि नए और ऊंचे पुल का निर्माण समय पर पूरा कर लिया गया होता, तो हल्की या मध्यम बारिश में राष्ट्रीय राजमार्ग के इस तरह से ठप होने की नौबत न आती।
ये भी पढ़ें-
मध्य प्रदेश: दमोह में 40 फीट गहरी नदी में गिरा सीमेंट लदा ट्रक, 24 घंटे बाद चालक-क्लीनर के शव बरामद
सड़क पर लगा कई किलोमीटर लंबा जाम
पुल के ऊपर जलस्तर बढ़ने से पिछले कई घंटों से मार्ग के दोनों तरफ सैकड़ों छोटे-बड़े वाहन फंसे हुए हैं। स्थिति यह है कि एक भी वाहन का निकल पाना संभव नहीं हो पा रहा है। बसों, ट्रकों और निजी गाड़ियों के जाम में फंसे रहने से यात्रियों, विशेषकर महिलाओं, बच्चों और मरीजों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थिति पर लगातार नजर रखी
प्रशासन की ओर से स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जैसे ही बारिश थमेगी और खाखन नदी का जलस्तर नीचे जाएगा, सुरक्षा मानकों की जांच के बाद ही यातायात को फिर से बहाल किया जाएगा। तब तक यात्रियों को धैर्य बनाए रखने और सुरक्षित स्थानों पर रुकने की सलाह दी गई है।