सीधी जिले के सेमरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गेदुरा में आज गुरुवार दोपहर नदी किनारे मछली पकड़ने के जाल में लिपटा नवजात शिशु का शव मिलने से हड़कंप मच गया है। इसकी सूचना मिलते ही सेमरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। जहां फिलहाल नवजात की पहचान नहीं हो सकी है।
जानकारी के अनुसार मनकीकर निवासी नागेंद्र शुक्ला नदी में मोटर लगाकर सिंचाई कर रहे थे। तभी बिजली आने के बाद उन्होंने अपने बालक को मोटर की स्थिति देखने के लिए नदी किनारे भेजा। वहीं इस दौरान बालक को दुर्गंध महसूस हुई। पास जाकर देखने पर मछली पकड़ने के जाल में लिपटा नवजात शिशु का शव दिखाई दिया। घटना के बाद नागेंद्र शुक्ला ने मोबाइल फोन से सेमरिया थाना पुलिस को सूचना दी। घटना की जानकारी मिलते ही थाना प्रभारी विवेक द्विवेदी पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की।
ये भी पढ़ें-
दिग्विजय सिंह की यात्रा: बच्चों से नारे लगवाने के आरोप पर मानवाधिकार आयोग सख्त, दो सप्ताह में मांगी रिपोर्ट
नागेंद्र शुक्ला ने आशंका जताई कि किसी मछुआरे ने नदी में मछली पकड़ने के लिए जाल लगाया होगा और पानी के बहाव के साथ नवजात का शव उसमें फंस गया होगा। हालांकि अब शव जाल में कैसे पहुंचा, इसकी पुष्टि नहीं हुई है।
थाना प्रभारी ने क्या बताया?
इस मामले मे सेमरिया थाना प्रभारी विवेक द्विवेदी ने बताया कि नवजात का शव प्रारंभिक तौर पर एक-दो दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और नवजात की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। अब उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई और शव नदी तक कैसे पहुंचा, इसका पता जांच के बाद ही चल सकेगा। यह घटना गुरुवार दोपहर करीब दो बजे की बताई जा रही है।