मध्य प्रदेश के सीधी जिले से एक ऐसी घटना सामने आई है, जिसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया। चुरहट थाना क्षेत्र के ग्राम भेलकी-820 में महज चार दिन की नवजात बच्ची का शव घर के बाहर रखे पानी से भरे नीले प्लास्टिक के ड्रम में मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
जानकारी के अनुसार, पंकज पटेल की पत्नी सोनू पटेल ने 26 जुलाई को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, चुरहट में बच्ची को जन्म दिया था। परिवार ने उसका नाम प्रिशा रखा था। 28 जुलाई को मां और नवजात अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद घर लौट आए थे।
बताया जा रहा है कि घटना वाले दिन परिवार ने बच्ची को बिस्तर पर नहीं पाया। इसके बाद घर और आसपास उसकी तलाश शुरू की गई। काफी खोजबीन के बाद मासूम का शव घर के सामने रखे पानी से भरे नीले प्लास्टिक के ड्रम में मिला। घटना के बाद परिवार में मातम पसर गया और पूरे गांव में दहशत का माहौल है।
पढ़ें: एक लाख देकर लाया दुल्हन, कुछ दिन बाद खुला ऐसा राज कि उड़ गए होश; चौंकाने वाला मामला
घटना को लेकर सबसे बड़ा सवाल यह है कि महज चार दिन की नवजात बिस्तर से ड्रम तक कैसे पहुंची। शुरुआती जानकारी के अनुसार, ड्रम का ढक्कन भी बंद था, जिससे मामला और अधिक संदिग्ध हो गया। हालांकि, पुलिस ने अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से इनकार किया है।
पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और परिवार सहित सभी संबंधित लोगों से पूछताछ की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर ही स्पष्ट हो सकेगी।
चुरहट थाना प्रभारी रीता त्रिपाठी ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना के कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल किसी भी तरह के निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी।