शिवपुरी में युवक का अनोखा विरोध
- फोटो : अमर उजाला
रक्षाबंधन का त्योहार... जब घरों में पकवान बन रहे थे, भाई-बहन एक-दूसरे की खुशियों में शामिल हो रहे थे, उसी वक्त शिवपुरी में एक ग्रामीण हाथ में खाली थाली और कटोरी लेकर राशन की दुकान पहुंच गया। ग्रामीण ने खाली बर्तनों के जरिए अपनी परेशानी और सिस्टम के प्रति नाराजगी जाहिर की।
मामला शिवपुरी जिले की जनपद पंचायत बदरवास की ग्राम पंचायत मड़वासा का है। यहां रहने वाले ग्रामीण पुखराज का आरोप है कि उसे और उसके परिवार को समय पर सरकारी राशन नहीं मिल रहा है। रक्षाबंधन के दिन जब परिवार के सामने खाने का संकट खड़ा हुआ तो उसने अनोखे तरीके से अपना विरोध दर्ज कराया। पुखराज खाली थाली और कटोरी लेकर उचित मूल्य की दुकान के बाहर पहुंचा। उसने वहां से वीडियो जारी करते हुए अपनी परेशानी बताई। ग्रामीण का आरोप है कि गांव के सेल्समैन ने अगस्त और सितंबर माह का राशन अब तक वितरित नहीं किया है।
ये भी पढ़ें-
प्यार में दगा: शादी की खरीदारी कर रही नाबालिग को भगा ले गया प्रेमी, कई दिनों तक दुष्कर्म कर फरार हुआ आशिक
ग्रामीण का कहना है कि सरकारी राशन पर निर्भर परिवार के लिए यह स्थिति बेहद मुश्किल पैदा कर रही है। त्योहार के दिन भी घर में पर्याप्त अनाज नहीं होने के कारण परिवार को परेशानी का सामना करना पड़ा। इसी नाराजगी को जाहिर करने के लिए वह खाली थाली और कटोरी लेकर राशन दुकान पहुंचा। ग्रामीणों का आरोप है कि समस्या सिर्फ पुखराज के परिवार तक सीमित नहीं है। गांव के कई पात्र हितग्राहियों को भी समय पर राशन नहीं मिलने की शिकायत है। उनका कहना है कि जब सरकार गरीब परिवारों के लिए खाद्यान्न उपलब्ध करा रही है, तो पात्र हितग्राहियों तक राशन समय पर क्यों नहीं पहुंच रहा, इसकी जांच होनी चाहिए। खाली थाली लेकर राशन दुकान पहुंचने की तस्वीर अब चर्चा में है। ग्रामीणों का कहना है कि यह सिर्फ विरोध नहीं, बल्कि उन परिवारों की मजबूरी है जिन्हें सरकारी राशन का इंतजार है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मामले की जांच कराने, राशन वितरण व्यवस्था की वास्तविक स्थिति सामने लाने और यदि अनियमितता पाई जाती है तो जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही ग्रामीणों की मांग है कि जिन भी पात्र हितग्राहियों को राशन नहीं मिला है, उन्हें तत्काल खाद्यान्न उपलब्ध कराया जाए, ताकि किसी परिवार को त्योहार के दिन भी खाली थाली लेकर राशन की दुकान तक न पहुंचना पड़े।अब देखना होगा कि ग्रामीण की इस शिकायत के बाद प्रशासन मामले में क्या कार्रवाई करता है और पात्र हितग्राहियों को लंबित राशन कब तक मिल पाता है।