शिवपुरी में नरवर थाना क्षेत्र के ग्राम बरखाड़ी में दो ग्रामीणों के साथ मारपीट और उन्हें मल खिलाने की घटना के बाद इस मामले में संबंधित आरोपियों के खिलाफ एनएसए की कार्रवाई की गई है। पुलिस अधीक्षक की अनुशंसा पर पांच अपराधियों पर एनएसए की कार्रवाई की गई है।
कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी रवीन्द्र कुमार चौधरी ने पुलिस अधीक्षक रघुवंश सिंह भदौरिया की अनुशंसा पर पांच अपराधियों के खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम 1980 अंतर्गत कार्रवाई की है। इनमें थाना नरवर के ग्राम बरखाड़ी निवासी अजमत उर्फ पप्पू खान पुत्र अल्लू शाह, आरिफ खान (शाह) पुत्र अजमत शाह, इस्लाम खान (शाह) पुत्र अल्लू शाह, वकील खान पुत्र अल्लू खान (शाह), शहीद खान (शाह) पुत्र बजीर शाह शामिल हैं।
गौरतलब है कि मामले में आरोपियों के द्वारा गांव के ही दो लोगों को लड़की छेड़छाड़ के आरोप में पकड़कर उनका मुंह काला करके उन्हें जूतों की माला पहनाकर मल खिला दिया था। अमानवीय व्यवहार का मामला पूरे राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा में आया था। प्रदेश के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने इस मामले में एनएसए की कार्रवाई का आश्वासन दिया था। अब जिला प्रशासन की ओर से इस मामले में संबंधित आरोपियों पर एनएसए की कार्रवाई की गई है।
आरोपियों के अतिक्रमण पर चला था बुलडोजर...
अमानवीय व्यवहार के इस मामले में संबंधित आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज करने के बाद इनके अतिक्रमण पर बुलडोजर चला था। यहां पर वन भूमि और अन्य स्थानों पर जो अतिक्रमण आरोपियों के द्वारा किया गया था, उसे हटाने की कार्रवाई बीते दिनों जिला प्रशासन, वन विभाग और पंचायत के द्वारा संयुक्त रूप से की गई थी। इसमें इन आरोपियों के द्वारा किए गए अतिक्रमण को हटाया गया था।
बताते चलें, नरवर थाना क्षेत्र के ग्राम बरखाड़ी में दो युवकों पर लड़की छेड़छाड़ के आरोप लगाकर धोखे से उन्हें गांव में बुलाकर मारपीट की गई थी। इनका मुंह काला किया गया और मल तक खिला दिया गया था। इसमें एक पीड़ित अनुसूचित जाति का और दूसरा पिछड़ा वर्ग का था।