पंडित गोपाल कृष्ण पुराणिक की स्मृति में एक संगोष्ठी का आयोजन किया गया।
- फोटो : सोशल मीडिया
शिवपुरी में स्वतंत्रता अमृत महोत्सव कार्यक्रम 2022 के अंतर्गत पंडित गोपाल कृष्ण पुराणिक की स्मृति में एक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। इसमें कई प्रखर वक्ताओं ने हिस्सा लिया। वक्ताओं ने युवाओं को रोजगार परक शिक्षा देने की जरूरत बताई।
बता दें कि संगोष्ठी का आयोजन कूनो नदी के किनारे स्थित कूनो रेस्ट हाउस पर किया गया था। इसमें प्रमुख वक्ता लेखक साहित्यकार प्रमोद भार्गव ने कहा कि देश में युवाओं को रोजगार परक शिक्षा की आवश्यकता है जिससे बढ़ती बेरोजगारी को रोका जा सके। युवाओं को ऐसी शिक्षा दी जाए जिससे वे स्वाबलंबी बनें। पंडित जी ने हमेशा रोजगार मूलक शिक्षा की बात कही। पोहरी में आदर्श विद्यालय स्थापित कर बच्चों को स्वावलंबी बनाने पर जोर दिया।
संगोष्ठी में आईटीएम विश्व विद्यालय के प्रो जयंत सिंह तोमर भी थे। इस दौरान स्वतंत्रता अमृत महोत्सव कार्यक्रम 2022 के अंतर्गत पंडित गोपाल कृष्ण पुराणिक जी को याद किया गया। पंडित जी के जन्म स्थल ग्राम छर्च में कूनो नदी के किनारे उनके गांव में स्वरांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसके दौरान शास्त्रीय गायक उमेश कंपू वाले, भरत नायक सितार वादक, विनय तबला वादक, अक्षत मिश्रा हारमोनियम वादक आदि ने स्वरांजलि कार्यक्रम में भजन प्रस्तुत किए। इसका आयोजन पंडित गोपाल कृष्ण पुराणिक शोध संस्थान ग्वालियर के प्रमुख संदीप शर्मा ने किया।
आईटीएम यूनिवर्सिटी में पत्रकारिता विभागाध्यक्ष जयंत तोमर ने भी कहा कि पंडित जी ने शिक्षा के क्षेत्र में अलख जमाने का काम किया। इस पिछड़े क्षेत्र में काम कर कई युवाओं को उच्च शिक्षा से जोड़ा। उन्होंने पंडित जी के जीवन व क्रियाकलापों पर एक नई पुस्तक प्रकाशित करने का सुझाव दिया और पंडित जी के नाम से शोधवृत्ति देने का आग्रह किया। संचालन संदीप शर्मा बंधु ग्वालियर द्वारा किया गया। इस मौके पर पोहरी के आदर्श विद्यालय सहित शिक्षा व अन्य क्षेत्रों में अहम योगदान देने वाले शिक्षाविद और समाजसेवियों माधवशरण द्विवेदी, डॉ. अर्जुन लाल शर्मा, नरेश चौबे, देवेंद्र पलिया, वीरेंद्र धाकड़, प्रदीप पुराणिक और प्रमोद दुबे को सम्मानित किया गया।