छह महीने के बीमार मयंक को उसकी मां बाबा रघुवीर धाकड़ के पास लेकर गई थी। झाड़-फूंक के नाम पर उसने बच्चे के दोनों पैर पकड़कर आग के ऊपर उल्टा लटका दिया। इससे उसका चेहरा जल गया और आंखों में धुआं भर गया था। जिससे उसकी आंखें खराब होने का खतरा है।
शिवपुरी में तंत्र-मंत्र और झाड़-फूंक के नाम पर छह माह के मासूम को धूनी की आग में उल्टा लटकाने वाले आरोपी बाबा को कोलारस पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी बाबा के ऐसा करने से बच्ची का चेहरा झुलस गया था। साथ ही, उसकी आंखों की रोशनी जाने का भी खतरा बना हुआ है।
जनकारी के अनुसार, 13 मार्च को छह माह के बीमार मासूम को लेकर उसकी मां कोलारस थाना क्षेत्र के रामनगर गांव के रहने वाले बाबा रघुवीर धाकड़ के पास पहुंची थी। इस दौरान बाबा ने झाड़-फूंक के नाम पर जलती धूनी (आग) के ऊपर मासूम को उल्टा लटका दिया, जिससे वह झुलस गया। इतना ही नहीं, अधिक धुआं लगने के कारण उसकी आंखों को भी गंभीर नुकसान पहुंचा था। शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी बाबा रघुवीर धाकड़ के खिलाफ केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी थी।
एसडीओपी विजय कुमार यादव के अनुसार, शिवपुरी पुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठौड़ के निर्देश पर कोलारस थाना प्रभारी रवि चौहान ने आरोपी बाबा रघुवीर पिता तोरन सिंह धाकड़ को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ग्राम रामनगर, थाना कोलारस का निवासी है। अब पुलिस आरोपी बाबा को कोलारस एसडीएम कोर्ट में पेश करेगी।