मध्य प्रदेश के शिवपुरी में आदिम जाति कल्याण विभाग में पदस्थ एक बाबू और जिला संयोजक को स्कॉलरशिप के नाम पर छात्रावास अधीक्षक से रिश्वत लेते हुए पकड़ा गया है। लोकायुक्त पुलिस ने मंगलवार को शिवपुरी कलेक्टर के दफ्तर में कार्यवाही की और आदिम जाति कल्याण विभाग के बाबू अवधेश शर्मा और जिला संयोजक आरएस परिहार को पकड़ा है।
लोकायुक्त पुलिस को पोहरी के छात्रावास अधीक्षक हेमराज सहरिया ने शिकायत की थी कि उनके छात्रावास में पढ़ने वाले छात्रों को स्कॉलरशिप मिलती है। 1,380 रुपये प्रतिमाह के हिसाब से यह स्कॉलरशिप आनी थी। चार लाख रुपये का भुगतान छात्रावास अधीक्षक को होना था। लेकिन अधिकारी 20% कमीशन मांग रहे हैं। एक लाख रुपये की मांग बाबू अवधेश शर्मा के हवाले जिला संयोजक आरएस परिहार ने की है। लोकायुक्त की टीम ने मंगलवार को अवधेश शर्मा को रंगे हाथों पकड़ा। जिला संयोजक परिहार को रिश्वत मांगने के आरोप में गिरफ्तार किया गया। लोकायुक्त निरीक्षक ब्रजमोहन नरवरिया ने बताया कि बाबू अवधेश शर्मा और जिला संयोजक आरएस परिहार को उक्त मामले में आरोपी बनाया गया।