सीहोर में 70 हजार बच्चों का होगा टीकाकरण। (प्रतीकात्मक फोटो)
- फोटो : संवाद
जिला शिक्षाधिकारी उपेंद्र भिडे ने बताया कि जिले के सभी ब्लॉक की सूची भी स्वास्थ्य विभाग को उपलब्ध कराई है। सरकारी और निजी स्कूलों में ही 12 से 14 वर्ष तक के बच्चों को रंगपंचमी के बाद टीके लगाए जाएंगे। स्कूलों में बच्चों का ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराने के बाद अभिभावक के मोबाइल नंबर भी स्वास्थ्य विभाग दर्ज करेगा। रंगपंचमी के बाद वैक्सीन के डोज सीहोर जिला अस्पताल में पहुंचेंगे। अस्पताल से वैक्सीन के डोज स्कूल तक स्वास्थ्य विभाग की निगरानी में पहुंचाए जाएंगे। स्कूल में पढ़ाने वाले शिक्षकों ने अभिभावकों को फोन कर आग्रह किया है कि वे अपने बच्चों को रंगपंचमी के बाद साथ लेकर आएं।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों का कहना है कि कक्षा छह के 25,212 बच्चों को जिले के स्कूलों में टीके लगने हैं, तो दूसरी ओर कक्षा सात के 25,717 बच्चों को वैक्सीन के डोज लगाए जाएंगे। जिले के सीहोर, आष्टा, इछावर, नसरुल्लागंज और बुधनी ब्लॉक में पढ़ने वाले 28,040 बच्चों को वैक्सीन के डोज लगाए जाएंगे। जिले के सरकारी और निजी स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों का आंकड़ा तो स्वास्थ्य विभाग को शिक्षा विभाग ने दे दिया है, लेकिन 12 से 14 आयुवर्ग के ऐसे बच्चे भी हैं, जो कि स्कूलों से पढ़ाई छोड़ चुके हैं या फिर वह कभी स्कूल नहीं गए हैं। इन बच्चों को शिक्षक गांव-गांव में खोजेंगे। साथ ही बच्चों का टीकाकरण भी कराया जाएगा।
सीएमएचओ सीहोर सुधीर कुमार डेहरिया ने बताया कि रंगपंचमी को देखते हुए बच्चों के टीकाकरण की तारीख आगे बढ़ा दी गई है। रंगपंचमी के बाद ही 12 से 14 आयुवर्ग के बच्चों को टीके लगाए जाएंगे। 12 से 14 साल आयु के चालक बालिकाओं के टीकाकरण अभियान के लिए वर्ष 2008 व 2009 में जन्मे समस्त बालक बालिकाएं पात्र होंगे। वर्ष 2010 में जन्मे जिन बालक-बालिकाओं ने 12 साल की आयु पूर्ण कर ली है, उनकी आयु के सत्यापन की जिम्मेदारी टीकाकरण करने वाले की होगी। बारह से 14 साल की आयु पूर्ण करने वाले बालक बालिकाओं के लिए कोर्बिवेक्स वैक्सीन का उपयोग किया जाएगा।
प्रचार प्रसार के लिए सीएमएचओ कार्यालय से जनजागरूकता टोका रथ को रवाना किया गया। रथ को जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. टीआर उईके ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। जागरूकता रथ के द्वारा संपूर्ण जिले में भ्रमण कर हितग्राहियों को टीकाकरण के लिए प्रोत्साहित और जागरूक किया जाएगा। इस अवसर पर जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. एमके चंदेल. जिला क्षय उन्मूलन अधिकारी डॉ. जेडी कोरी, डीपीएम धीरेन्द्र आर्य सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित थे।