मध्य प्रदेश के शिवपुरी में सेक्सटॉर्शन का मामला सामने आया है। वरिष्ठ भाजपा हरिहर शर्मा को ब्लैकमेल करने की कोशिश की गई है। उन्हें फर्जी अश्लील वीडियो बनाकर वायरल करने की धमकी दी गई है। इसकी शिकायत भाजपा नेता ने पुलिस अधीक्षक राजेश सिंह चंदेल से की है। भाजपा नेता हरिहर शर्मा जिला केंद्रीय सहकारी बैंक के पूर्व अध्यक्ष और लोकतंत्र सेनानी संघ के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य हैं।
पुलिस को की शिकायत में भाजपा नेता ने बताया कि उनके व्हाट्सएप पर पोर्न दिखाकर उन्हें ब्लैकमेल करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने एसपी को सौंपे अपने आवेदन को फेसबुक पर भी साझा किया है। उन्होंने लिखा कि अनजान लोगों से वीडियो चैट का आमंत्रण कभी स्वीकार न करें। मुझे अपनी सामाजिक प्रतिष्ठा की चिंता नहीं, अपितु इस सामाजिक अपराध से लड़ने की इच्छाशक्ति अधिक है। जो मुझसे परिचित हैं, उनकी नजर में मैं कभी गिर नहीं सकता। जो नहीं जानते उनकी चिंता ही क्या करना। पोस्ट में शर्मा ने पूरे घटनाक्रम का एसपी को लिखे पत्र में विवरण दिया है।