श्योपुर जिले के विजयपुर नगर में संचालित प्राइवेट स्कूलों की अपनी ही मनमानी देखने को मिली है। नगर के मंडी क्षेत्र रण सिंह कॉलोनी में APS एकेडमी नाम से संचालित आशासकीय स्कूल के प्राचार्य ने सात साल की मासूम बच्ची के साथ बेरहमी से मारपीट की है, जिससे बच्ची के नाक-कान से खून निकल आया।
साथ ही बच्ची के गालों पर तमाचे भी मारे हैं। कक्षा 1 में पढ़ने वाली सात साल की मासूम का कसूर सिर्फ इतना था कि वह अपनी होम वर्क की कॉपी घर पर भूल आई। बच्ची के परिजनों ने स्कूल के प्राचार्य की शिकायत विजयपुर थाने मे एवं खण्ड शिक्षा अधिकारी से की है।
बच्ची के पिता ने बताया कि मैं रोजाना की तरह सुबह करीब नौ बजे अपनी बेटी को स्कूल वैन तक छोड़कर चला गया। लेकिन जब शाम को बच्ची वापस स्कूल से घर पहुंची तो बच्ची के नाक-कान से खून निकल रहा था और दोनों गाल पर चाटे मारने के निशान भी दिखे। ऐसे लोगों पर अगर कार्रवाई विभाग नहीं करता है तो मैं उच्च लेवल पर आवेदन दूंगा।