शाजापुर जिले में पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लगने का वीडियो सामने आया था।
- फोटो : सोशल मीडिया
शुजालपुर सिटी थाना क्षेत्र में 10 अगस्त को मोहर्रम के जुलूस के दौरान पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लगने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करना शुरू कर दिया है। पुलिस ने अगले दिन 11 अगस्त को 50-60 अज्ञात लोगों के खिलाफ आईपीसी की धारा-153-बी (राष्ट्रीय एकता के खिलाफ प्रभाव डालने वाले भाषण देना या लांछन लगाना) और 188 के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू की थी। किंतु केस दर्ज होने के चार दिन बाद भी पुलिस आरोपितों की पहचान तक नहीं कर सकी है। उल्लेखनीय है कि जिले में एक माह के अंतराल में देश विरोधी नारे लगने का यह दूसरा मामला है। 17 जुलाई को भी शाजापुर में निर्दलीय पार्षद समीउल्लाह खान के विजयी जुलूस में देश विरोधी नारे लगे थे।
मोहर्रम के जुलूस में पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लगने के मामले में शुजालपुर सिटी थाने में थाना प्रभारी प्रेमलता खत्री की रिपोर्ट पर केस दर्ज किया गया है। थाना प्रभारी खत्री के अनुसार आरोपितों की पहचान के लिए कवायद की जा रही है। हालांकि अब तक किसी भी आरोपित की पहचान नहीं हो सकी है। उन्होंने कहा कि देश विरोधी नारे लगने के मामले में एक वीडियो भी सामने आया है। इसकी भी जांच की जा रही है। मोहर्रम पर्व के दौरान पुलिस ने भी संवेदनशील क्षेत्रों में सीसीटीवी कैमरे लगाए थे, साथ ही जुलूस आदि की वीडियोग्राफी भी कराई गई थी। इन कैमरों की रिकार्डिंग आदि की भी जांच की जा रही है।
हिंदु संगठनों ने की थी कार्रवाई की मांग
मोहर्रम के जुलूस में देश विरोधी नारे लगने का वीडियो सामने आने के बाद 10 अगस्त को हिंदु संगठन पदाधिकारी थाने पहुंचे थे। उन्होंने मामले में केस दर्ज कर सख्त कार्रवाई करने की मांग की थी। हालांकि पुलिस ने उस समय जांच के बाद केस दर्ज करने की बात कहकर संगठन के लोगों को वापस लौटा दिया था। मामले में पुलिस ने घटनाक्रम सामने आने के अगले दिन 11 अगस्त को 50-60 अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है।