शहडोल जिले में रेत चोरी रुकने का नाम नहीं ले रही है। जिले पुलिस ने दो अलग-अलग थाना क्षेत्र में रेत का अवैध उत्खनन कर परिवहन करते हुए दो ट्रैक्टरों को जब्त किया है। पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार पपौंध और सिंहपुर पुलिस ने रेत का अवैध उत्खनन कर परिवहन करते दो ट्रैक्टर जब्त किए हैं। पपौंध पुलिस को जानकारी मिली थी कि विजयसोता की तरफ से रेत का अवैध परिवहन किया जा रहा है। पुलिस ने दबिश देकर वाहन क्रमांक एमपी 54 ए 8756 को लोड रेत के साथ जब्त किया। पुलिस को आता देख वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने चालक और वाहन मालिक के खिलाफ केस दर्ज किया है।
इसी तरह सिंहपुर पुलिस ने बिना नंबर के ट्रैक्टर को रेत का अवैध परिवहन करते जब्त किया। आरोपी चालक नरेश बैगा पिता ओमप्रकाश (25) निवासी पडरिया मानपुर और वाहन मालिक के खिलाफ खनिज अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है।
बता दें कि तीन दिन पहले रेत चोरी कर आ रहा ट्रैक्टर ब्यौहारी क्षेत्र में पलट गया था। हादसे में चालक की मौत हो गई थी। अवैध खनन और परिवहन को रोकने के लिए खनिज और पुलिस विभाग लगातार कार्रवाई कर रहा है। लेकिन, इसके बाद भी यह रुकने का नाम नहीं ले रहा है।