सोहागपुर पुलिस ने बाइक चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो चोरों को पकड़ा है। आरोपियों के कब्जे से दस मोटरसाइकिल बरामद की गई हैं। पुलिस ने बताया है कि दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। अन्य के खिलाफ भी मामला दर्ज किया है, फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।
जिले के अलग-अलग स्थान से बाइक चोरी की घटनाएं हुईं थीं। जिसे पुलिस ने चोरी का मामला खोलते हुए 10 मोटरसाइकिल दो आरोपियों के कब्जे से बरामद की हैं। पुलिस ने बताया कि जब्त मसरूके की कीमत 10 लाख रुपये से अधिक है। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने आरोपी विनोद यादव को गिरफ्तार कर पूछताछ की। आरोपी ने बताया कि वह अपने दोस्त हरिशंकर यादव, छोटा यादव निवासी ग्राम सलैया एवं विष्णु गुप्ता निवासी घोघरी के साथ मिलकर पिछले एक वर्ष से चोरी के कार्य में लगा हुआ था। साथ ही मोटरसाइकिल एजेंसी में काम करने वाला सत्यम द्विवेदी की मदद से उक्त चोरी की मोटर सायकिलों को लोगों को बेच दिया करते थे।
पुलिस आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई 10 मोटरसाइकिलों की कुल कीमत लगभग 10 लाख रुपये की मशरुका को बरामद किया गया है। आरोपी विनोद यादव एवं विष्णु गुप्ता को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। शेष फरार आरोपियों की तलाश जारी है। थाना प्रभारी सोहगपुर भूपेंद्र मणि पांडे का कहना है कि चोरी की और भी मोटर साइकिल की तलाश की जा रही है। फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस टीम लगी हुई है।