शहडोल में मोबाइल दुकान में पीछे से सेंध मारकर चोरी की वारदात हुई है। दुकान के अंदर रखे कीमती मोबाइल एवं नगद रुपये लेकर चोर फरार हो गए हैं। दुकान मालिक जब सुबह दुकान खोलने पहुंचा तो उसकी दुकान का सामान बिखरा पड़ा था। पीछे की ओर जब दुकान मालिक की नजर पड़ी तो दीवार के पीछे बड़ा सा गड्ढा था, जिससे यह पता लग पाया कि सेंध मारकर अज्ञात चोरों ने उसकी दुकान में चोरी की वारदात को अंजाम दे दिया है। घटना जैतपुर थाना क्षेत्र के खामीडोल में बीती रात्रि हुई हैं।
जानकारी के अनुसार जैतपुर थाना क्षेत्र के खामीडोल में स्थित विजय कुमार जायसवाल की मोबाइल दुकान में सेंधमार कर चोरी की वारदात हुई है। विजय कुमार ने बताया कि वह शाम को अपने समय पर दुकान बंद कर घर चला गया, जब सुबह दुकान खोलने पहुंचा तो उसने शटर का ताला खोलकर शटर उठाया। तब अंदर का सामान बिखरा पड़ा था। पीछे की ओर उसने देखा तो दीवार में एक बड़ा सा छेद था, जिससे उसे यह पता लग पाया कि उसकी दुकान में सेंध मार कर चोरी की वारदात हो गई है। जिसके बाद विजय कुमार जायसवाल ने जैतपुर थाने पहुंच मामले की शिकायत पुलिस से की है। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध चोरी का मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।