शहडोल जिले के बस स्टैंड पर दिनदहाड़े बाइक की डिग्गी से 3 लाख रुपए निकाल कर बदमाश फरार हो गए हैं। लोगों ने पीछा कर बदमाशों को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन वे बच निकले। आरोप है कि वारदात की सूचना देने के बाद भी पुलिस समय पर नहीं पहुंची। हालांकि, एसपी ने बदमाशों पर इनाम घोषित कर दिया है।
जानकारी के अनुसार जिले के निगई गांव के एक शिक्षक बैंक से 3 लाख रुपए निकालकर रवाना हुए। इस दौरान वह बस स्टैंड पर बाइक खड़ी कर फल खरीद रहे थे, तभी बाइक सवार दो बदमाश आए और पलक झपकते ही बाइक की डिग्गी से पैसा चुराकर फरार हो गए। शिक्षक जब तक कुछ समझ पाते, तब तक बदमाश रफूचक्कर हो चुके थे। शिक्षक के हल्ला-गुहार करने पर आसपास के लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई और घटना की जानकारी पुलिस को दी गई।
पुलिस ने बताया कि शिक्षक जीवनलाल नट अपनी मोटरसाइकिल की डिग्गी में यह रकम रखे हुए थे, जिसे अज्ञात बदमाशों ने चोरी कर लिया। जब शिक्षक फल खरीद रहे थे, उसी दौरान यह घटना घटी। शिक्षक ने आरोपियों को डिग्गी से पैसा निकालते देखा और उन्हें पकड़ने की कोशिश की, लेकिन वे बचकर भाग गए। घटना की सूचना स्थानीय लोगों ने पुलिस को दी, लेकिन पुलिस ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया और मौके पर पहुंचने में काफी देर कर दी।
शिक्षक ने स्थानीय लोगों की मदद से बदमाशों का कुछ दूर तक पीछा किया, लेकिन जब तक बदमाश फरार हो चुके थे। पुलिस को भी मौके पर पहुंचने में काफी वक्त लग गया, जिसकी वजह से आरोपियों को पकड़ने में पुलिस के साथ लोग भी नाकाम रहे। हालांकि, शिक्षक के रुपए लेकर भागे बदमाशों पर एसपी ने तत्काल एक्शन लिया और जयसिंहनगर थाना प्रभारी को निर्देश देते हुए जल्द से जल्द आरोपियों को पकड़ने के आदेश दिए। साथ ही बदमाशों की सूचना देने वाले व्यक्ति को नगद 10 हजार रुपए इनाम देने की भी घोषणा की गई है। आरोपियों का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसे पुलिस ने जारी किया है।