शहडोल जिले के ब्योहारी थाना क्षेत्र के चुंगी नाका के पास शनिवार को एक सड़क दुर्घटना में महिला की मौत हो गई। थाना प्रभारी ने बताया कि कन्हैया लाल साकेत अपनी पत्नी राधा साकेत (22 वर्ष) निवासी पोंडी को मोटरसाइकल से लेकर बुढ़वा जा रहा था। इसी दौरान चुंगी नाका के पास बाइक अनियंत्रित होने से पत्नी बाइक से नीचे सड़क पर गिर गई, पीछे से आ रहे ट्रक की चपेट में आने से घटनास्थल पर ही महिला की मौत हो गई, जबकि पति को गंभीर चोट आई है।
ट्रक चालक घटना के बाद मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। घटना स्थल पर पुलिस पहुंचकर मर्ग कायम करते हुए ट्रक क्रमांक एमपी 18 एच 5860 को अपने कब्जे में ले लिया है।