शहडोल में बुढ़ार जनपद पंचायत के अंतर्गत ग्राम पंचायत सचिव ने मुस्लिम को कहा देशद्रोही।
- फोटो : अमर उजाला
शहडोल जिले में ग्राम पंचायत में फर्जी हाजिरी का विरोध करने पर पंचायत सचिव ने मुस्लिम शिकायतकर्ता के समुदाय को ही निशाना बना दिया। उसे देशद्रोही तक करार दिया। अब शिकायतकर्ता ने इस मामले की शिकायत पुलिस को की है। साथ ही पंचायत में चल रहे कथित भ्रष्टाचार की शिकायत मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव समेत अन्य अधिकारियों को की है।
मामला जिले के जनपद पंचायत बुढ़ार की ग्राम पंचायत खरतोरा का है। पंचायत अंतर्गत ग्राम भूमकार निवासी मोहम्मद शेलाज पिता मोहम्मद राजून ने पंचायत भवन पहुंचकर फर्जी तरीके से मजदूरों की हाजिरी लगाने का विरोध किया। उसने कहा कि जिन लोगों ने काम किया है, उनकी ही हाजरी लगाई जानी चाहिए। इस पर पंचायत के जिम्मेदारों पर फर्जी हाजरी लगाकर पैसों के बंदरबांट का आरोप लगाया। इस पर पंचायत सचिव दीनानाथ गोंड नाराज हो गया। उसने समुदाय को ही निशाना बना दिया और शिकायतकर्ता पर देशद्रोही होने का आरोप लगाया। साथ ही धमकी भी दे दी। इस बात से आहत होकर शेलाज ने इसकी लिखित शिकायत संबंधित दर्शीला चौकी से की है। साथ ही पंचायत सचिव पर कार्रवाई की मांग की है। घटना का वीडियो भी सामने आया है। शेलाज का आरोप है कि पंचायत में लंबे अरसे से भ्रष्टाचार चल रहा है। इसकी शिकायत मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव समेत समस्त अधिकारियों को भी की जा रही है।