शहडोल की सड़कें पूरी तरीके से बदहाल हो गई हैं। शहडोल से रीवा की ओर जाने वाले मार्ग में कई जानलेवा गड्ढे हैं। मुख्यालय से महज एक किलोमीटर की दूरी पर शहडोल से रीवा पहुंच मार्ग में ग्राम पिपरिया के समीप एक निजी अस्पताल के ठीक सामने जानलेवा गड्ढा अब लोगों के लिए मुसीबत बन गया है।
बता दें कि कोनी सिद्ध बाबा मोड के आगे पेट्रोल पंप एवं निजी अस्पताल के सामने एक जानलेवा गड्ढा है। बीच सड़क पर यह गड्ढा होने की वजह से छोटे वाहन फंस जाते हैं। मंगलवार रात एक महिला अपने परिवार को लेकर स्कूटी से शहडोल की ओर आ रही थी। तभी इस गड्ढे में स्कूटी का टायर समा गया, जिसकी वजह से महिला और साथ बैठे लोग वहीं गिर गए। हादसे में महिला को चोट आई है। घटना के बाद मार्ग में कुछ समय के लिए वाहनों की कतार लग गई।
बीच रोड में गड्ढा होने की वजह से वाहन चालकों को यह दिखाई भी नहीं देता। रात के समय वाहन चालक अपना नियंत्रण खो देते हैं, जिससे कई बार यहां हादसे भी हो चुके हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि मामले की शिकायत कई बार सीएम हेल्पलाइन में भी की जा चुकी है, जिस पर केवल पंचायत के द्वारा वहां मिटटी डलवा दी जाती है। लेकिन कुछ दिन बाद फिर वहां पानी का भराव हो जाता है और गड्ढा बन जाता है। आए दिन सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं। ऐसा लग रहा शायद जिला प्रशासन वहां किसी बड़ी दुर्घटना का इंतजार कर रहा है।