शहडोल जिले के गोहपारु थाना क्षेत्र में पिता के प्रताड़ना और मारपीट से तंग आकर बेटे ने आत्महत्या कर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। घटना के बाद जांच उपरांत सप्ताह भर बाद आरोपी पिता को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
इस संबंध मे मिली जानकारी के अनुसार, बीते सात जून को पूरन सिंह पिता गंधू सिंह गोंड उम्र 57 साल निवासी ग्राम खाम्हा ने थाना गोहपारु आकर सूचना दी थी कि छह जून को राजेश सिंह पिता जीतराय सिंह के यहां मंडप कार्यक्रम था। इसी दौरान रात के करीब 10-11 बजे मेरे भतीजे अखिलेश सिंह का उसके पिता रामप्रताप सिंह से लड़ाई झगड़ा हो गया था, जिसके बाद विवाद बढ़ा और रामप्रताप सिंह ने मंडप कार्यक्रम के दौरान ही सबके सामने अपने बेटे अखिलेश सिंह के साथ जमकर मारपीट की थी।
उसके बाद अखिलेश थाना गोहपारु जाकर अपने पिता के खिलाफ रिपोर्ट लिखाया और घर आ गया था। अगले दिन सात जून के तड़के अखिलेश सिंह अपने घर के पास आम के पेड़ पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी, जिस पर पुलिस द्वारा पहले मर्ग कायम कर जांच पड़ताल शुरू की गई।
जांच के बाद पुलिस ने पाया कि बीच मंडप सबके सामने पिता द्वारा अपमान, प्रताड़ना और सरेआम मारपीट के कारण ही अखिलेश ने यह आत्मघाती कदम उठाया था। उसके बाद आरोपी पिता को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। कार्रवाई में उप निरीक्षक सुभाष दुबे थाना प्रभारी गोहपारु, सहयाक उप निरीक्षक विपिन बागरी, प्रधान आरक्षक राजवेन्द्र सिंह, आरक्षक सतीश मिश्रा और शैलेन्द्र कोल की अहम भूमिका रही।