शहडोल जिले में बीते कुछ दिनों से लगातार हो रही बारिश के कारण नदी-नाले उफान पर हैं। केशवाही और अमलाई क्षेत्र में कई छोटी नदियों और नालों का जलस्तर बढ़ने से पुलों के ऊपर पानी बह रहा है। इसके चलते कई मार्गों पर आवागमन बंद हो गया है और गांवों का मुख्यालय से संपर्क टूट गया है। प्रशासन और पुलिस ने लोगों की सुरक्षा को देखते हुए पानी वाले रास्तों पर आवाजाही रोक दी है।
केशवाही क्षेत्र में कोटा नदी का पानी पुल के ऊपर से बह रहा है। इसके कारण झींक बिजुरी से केशवाही पहुंच मार्ग बंद हो गया है। वहीं रूपौला-कोटा मार्ग पर भी आवागमन प्रभावित है। हथगला-चेन्नौडी मार्ग के पुल के ऊपर पानी आने से रास्ता बंद कर दिया गया है। इसके अलावा केशवाही-कुम्हारी मार्ग स्थित पुल पर भी पानी बहने के कारण लोगों की आवाजाही रोक दी गई है। अमलाई क्षेत्र के ग्राम बैरिहा, पंचायत पड़रिया में कठना नदी भी उफान पर है। नदी का पानी पुल के ऊपर से बहने के कारण बैरिहा, पड़रिया, भमरहा सहित आसपास के कई गांवों का संपर्क मुख्यालय से टूट गया है। ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ये भी पढ़ें-
सतना में बारिश बनी आफत: तीन घंटे में 56 मिमी बरसात, सड़कें हुईं जलमग्न; भाजपा कार्यालय में घुसा पानी
जिले में जगह-जगह नदी-नालों और पुलों के ऊपर पानी बहने की स्थिति बनी हुई है। पुलिस ने संवेदनशील स्थानों पर मार्ग बंद कर फिक्स प्वाइंट लगाए हैं। पुल के ऊपर पानी होने की स्थिति में किसी भी व्यक्ति को वहां से गुजरने नहीं दिया जा रहा है। पुलिसकर्मी लगातार लोगों को नदी-नालों और तेज बहाव वाले स्थानों से दूर रहने की समझाइश दे रहे हैं।
जिले में एक जून से दो सितंबर तक औसत 1024.4 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है। लगातार अधिक बारिश के चलते हाल ही में बाणसागर बांध के आठ गेट भी खोले गए थे। कलेक्टर पर्थ जायसवाल ने जिलेवासियों से अपील की है कि नदी-नालों में पानी का बहाव तेज होने पर उन्हें पार करने का प्रयास न करें और सुरक्षा के लिए प्रशासन द्वारा लगाए गए प्रतिबंधों का पालन करें।