शहडोल में ग्रामीणों ने लाल झंडा हाथ में लेकर प्रदर्शन किया।
- फोटो : अमर उजाला
शहडोल जिले के अमलाई थाना क्षेत्र अंतर्गत एसईसीएल सोहागपुर क्षेत्र की नई रामपुर खदान में ग्रामीणों ने पुनर्वास और रोजगार के मुद्दे पर प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने कालरी प्रबंधन पर लापरवाही बरतने और वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए खनन का विरोध किया। ग्रामीणों के विरोध को देखते हुए कोयला उत्पादन भी प्रभावित हुआ है।
रामपुर में गुस्साए किसानों ने काम बंद करा दिया। गत दो माह पहले किसानों ने प्रदर्शन किया था। उसके बाद एसईसीएल प्रबंधन ने आश्वासन दिया था कि दो महीने के भीतर सभी पात्र भूमि स्वामियों को नौकरी प्रदान की जाएगी। आज तक न तो नौकरी दी है और न ही पुनर्वास का मुआवजा दिया गया है। इसके बाद अपनी मांगों को लेकर एक बार फिर रामपुर के साथ-साथ गिद्धा, खाना,बैरिया, रामपुर बलिया,अटरिया खेरवाना में काम बंद करा दिया गया है। एक हफ्ते पहले सभी जगह ज्ञापन देकर चेतावनी दी गई थी कि यदि हम लोगों की मांग पूरी नहीं होती है तो एसईसीएल प्रबंधन के खिलाफ आंदोलन किया जाएगा। इस आंदोलन की सूचना प्रशासन को भी दी गई थी। ग्रामीणों का यह भी आरोप है कि लगातार हैवी ब्लास्टिंग के कारण उनके मकान भी क्षतिग्रस्त हो रहे हैँ। ग्रामीणों ने चेताया है कि यदि प्रबंधन हमारी मांगों को पूरा नहीं करता तो हम लोग यहां कोयला उत्पादन व परिवहन कार्य नहीं होने देंगे।