शहडोल जिले के ब्योहारी थाना क्षेत्र के एक गांव की नाबालिग के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। एक युवक ने 17 वर्षीय किशोरी को शादी का झांसा दिया और उसके साथ एक साल तक दुष्कर्म करता रहा। किशोरी के परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी को हिरासत में ले लिया है।
ब्योहारी थाना की इंस्पेक्टर रमा आर्मो ने बताया कि मासूम अपने परिजनों के साथ थाने पहुंची थी। उसने शिकायत में कहा है कि युवक उसे जान से मारने की धमकी देकर अपनी हवस मिटा रहा था। शुरुआत में तो वह शादी का झांसा देता रहा। बाद में वह धमकी देता कि अगर पुलिस को बताया तो जान से मार देगा। लड़की ने हिम्मत कर यह बात अपने परिजनों को बताई और पुलिस के पास जाकर केस दर्ज कराया। मामले की शिकायत के आधार पर 24 वर्षीय युवक के विरुद्ध आईपीसी और पॉक्सो एक्ट के साथ ही अन्य संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। उसे हिरासत में ले लिया है। पूछताछ की जा रही है।
पहले भी सामने आए हैं ऐसे मामले
शहडोल जिले में नाबालिग के साथ दुष्कर्म का यह पहला मामला नहीं है। कुछ समय पहले दो नाबालिगों के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया था। पुलिस ने जैतपुर थाना क्षेत्र में नाबालिग से दुष्कर्म के आरोपी के घर को जमींदोज कर दिया था। इसी तरह एक नाबालिग को जयसिंहनगर थाना क्षेत्र में एक वृद्ध ने अपनी हवस का शिकार बनाया था। वृद्ध के घर पर बुलडोजर नहीं चला है। अब नया मामला ब्योहारी में भी सामने आया है।