मध्यप्रदेश के शहडोल में लाड़ली बहना योजना का लाभ पाने के लिए दस्तावेज कंपलीट कराने में महिला के साथ ठगी का मामला सामने आया है। केवाईसी कराने कियोस्क सेंटर पहुंची महिला के खाते से कियोस्क संचालक ने धोखाधड़ी कर 10 हजार रुपये की रकम निकाल ली। महिला थाने पहुंची और मामले की शिकायत पुलिस से की है। पुलिस ने आरोपी पर मामला दर्ज कर लिया है।
बता दें, जयसिंहनगर थाना क्षेत्र के बस स्टैंड में स्थित एक कियोस्क सेंटर में महिला पहुंची और लाड़ली बहना योजना को लेकर आधार कार्ड एवं समग्र आईडी की केवाईसी कराने की बात दुकानदार से की। दुकानदार ने महिला से धोखे से फिंगर लगाकर केवाईसी के साथ-साथ महिला के खाते में जमा रकम 10 हजार रुपये निकाल ली है। महिला जब दूसरे दिन अपने खाते में बैलेंस चेक की तो उसके खाते से 10 हजार रुपये गायब था। उसके बाद महिला दुकानदार के पास पहुंची और दुकानदार ने महिला को 24 घंटे के भीतर पैसे वापस खाते में आने की बात कर महिला को दो दिन तक गुमराह किया।
थाने पहुंची महिला...
जब महिला के खाते में यह रकम नहीं पहुंची तो महिला थाने पहुंच गई और मामले की शिकायत पुलिस से की। पुलिस ने आरोपी पर मामला दर्ज किया है। थाना प्रभारी विनय सिंह गहरवार ने जानकारी देते हुए बताया है कि बस स्टैंड के पास स्थित कियोस्क सेंटर में रोहित गुप्ता नामक युवक ने महिला के साथ धोखाधड़ी कर खाते से पैसा निकाल लिया है। पुलिस पीड़ित महिला ममता गुप्ता की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्जकर आगे की विवेचना शुरू कर दी है।