चोरों ने घर की दीवार में लगाई सेंध
बुढ़ार थाना क्षेत्र के चनौडी गांव में चोरों ने एक होटल व्यापारी के घर को निशाना बनाते हुए करीब पांच लाख रुपये की चोरी की वारदात को अंजाम दिया। अज्ञात चोर घर की दीवार में सेंध लगाकर अंदर दाखिल हुए और वहां रखे सोने-चांदी के जेवरात समेत 60 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए। चोरी के दौरान परिवार के सदस्य नए मकान में मौजूद थे, जबकि पुराने घर में ताला लगा हुआ था। महिला की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता ऊषा ढिमर पति चिंतामणि ने बताया कि परिवार ने बच्चों की शादी के लिए पुराने घर में सोने-चांदी के जेवरात और नकदी सुरक्षित रखी थी। घर में करीब दो तोला सोने के आभूषण, लगभग डेढ़ किलो चांदी और 60 हजार रुपये नकद रखे हुए थे। परिवार के सभी सदस्य नए घर में रह रहे थे। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने सुनसान पड़े पुराने मकान को निशाना बना लिया।
ये भी पढ़ें: इंदौर हाईकोर्ट का अहम फैसला: आरोपी को जिरह का मौका दिए बिना सुनाई गई 10 साल की सजा रद्द, नए सिरे से होगी सुनवाई
रिश्तेदार की नजर पड़ी तो खुली चोरी की जानकारी
घटना का पता उस समय चला, जब परिवार का एक रिश्तेदार पुराने घर के पीछे से गुजर रहा था। उसकी नजर मकान की दीवार में बने बड़े छेद पर पड़ी। संदेह होने पर उसने तत्काल परिजनों को इसकी जानकारी दी। इसके बाद परिवार के सदस्य पुराने घर पहुंचे तो अंदर सामान बिखरा मिला और जेवरात व नकदी गायब थे।
परिजनों ने तत्काल बुढ़ार पुलिस को घटना की सूचना दी। जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। महिला के मुताबिक चोरी गए सोने-चांदी के जेवरात और नकदी की कुल कीमत करीब पांच लाख रुपये है। पुलिस अब अज्ञात चोरों का पता लगाने के लिए जांच कर रही है। वहीं थाना प्रभारी बुढार खेम सिंह पेड्रो ने कहा मामले में पुलिस की विशेष टीमें काम कर रही हैं, जल्द मामले में खुलासा किया जाएगा।