शहडोल जिले में ठगी का एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। जिले के खैरहा थाना क्षेत्र के एक किसान, जिसका बैंक में खाता है, न तो उसने डिजिटल ट्रांजेक्शन के लिए कोई आईडी नहीं बनाई है, न ही उसके पास चेक बुक या एटीएम कार्ड है।
बिना ओटीपी आए ही उसके खाते से चार लाख 12 हज़ार रुपये अचानक गायब हो गए। किसान को इसका पता तब चला जब उसे पैसों की जरूरत पड़ी और वह अपने बैंक पहुंचा। बैंक में अधिकारियों ने उसे बताया कि उसके खाते में राशि नहीं है। इसके बाद से किसान काफी परेशान है और उसने मामले की शिकायत पुलिस से की है। पुलिस अब मामले की जांच कर रही है।
एटीएम और यूपीआई जैसे डिजिटल ट्रांजेक्शन का कभी प्रयोग नहीं करने के बावजूद भी किसान के खाते से 4.12 लाख रुपये की रकम गायब हो गई है। खैरहा थानांतर्गत ग्राम खन्नाथ निवासी 45 वर्षीय कमल नारायण ने इस ठगी की लिखित शिकायत पुलिस अधीक्षक और साइबर सेल में दर्ज कराई है। कमल ने बताया कि तीन महीने पहले उसे कॉलरी से जो मुआवजे की राशि मिली थी, उसे उसने बैंक में जमा करवाया था। कुछ दिन पहले जब वह रकम निकालने बैंक पहुंचा तो उसे पता चला कि खाते में केवल 179 रुपये ही बचे हैं।
बैंक स्टेटमेंट से यह जानकारी मिली कि दिल्ली और झारखंड से किसी ने एटीएम और अन्य डिजिटल माध्यम से कई बार में किसान की जमा राशि निकाल ली है। आश्चर्य की बात यह है कि कमल ने एटीएम लिया ही नहीं था और न ही अन्य डिजिटल तरीकों से लेनदेन किया है, क्योंकि वह पढ़ना-लिखना नहीं जानता और अंगूठा लगाकर ही लेनदेन करता है।
इस संबंध में साइबर सेल प्रभारी सत्य प्रकाश मिश्रा ने बताया कि एटीएम क्लोनिंग के मामले बढ़ते जा रहे हैं, और ऐसे मामले लगातार सामने आ रहे हैं। खाता धारक की सहमति के बिना एटीएम क्लोनिंग नहीं हुई होगी। इस मामले में जांच की जा रही है, और जल्द ही सफलता मिलने की उम्मीद है।