जिले के ब्यौहारी थाना क्षेत्र के सन्नौसी बांध में नहाने गए 14 वर्षीय बालक की डूबने से मौत हो गई। बालक का शव मंगलवार सुबह पुलिस और एसडीआरईएफ की टीम ने रेस्क्यू अभियान के दौरान पानी से बाहर निकाला। घटना के बाद मौके पर परिजनों और ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। परिजनों ने बालक की मौत को लेकर संदेह जताते हुए पूरे मामले की जांच की मांग की है।
पुलिस के अनुसार आशिक पटेल पिता संजय पटेल (14) सोमवार को अपने कुछ दोस्तों के साथ सन्नौसी बंधा में नहाने गया था। कुछ देर बाद उसके दोस्त वापस अपने घर लौट आए लेकिन आशिक घर नहीं पहुंचा। शाम तक जब बालक घर नहीं आया तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और बालक की तलाश शुरू कराई।
पुलिस ने आशिक के साथ बांध पर गए दोस्तों से पूछताछ की। पूछताछ में दोस्तों ने बताया कि सभी लोग बांध के पानी में नहा रहे थे। इसी दौरान आशिक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। उसे डूबता देखकर दोस्त घबरा गए और वहां से अपने-अपने घर चले गए। दोस्तों ने घटना की जानकारी न तो अपने परिजनों को दी और न ही आशिक के परिवार को बताया।
ये भी पढ़ें: दमोह: जूडी नदी में नवजात का शव मिलने से मचा हड़कंप, मौके पर जुटी भीड़, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
जब देर शाम तक आशिक घर नहीं पहुंचा तो परिजनों ने उसकी तलाश तेज की। पुलिस को घटना की जानकारी मिलने के बाद दोस्तों से पूछताछ की गई, तब बालक के बांध में डूबने की बात सामने आई। इसके बाद पुलिस ने एसडीआरईएफ की टीम को सूचना दी। मंगलवार सुबह पुलिस और रेस्क्यू दल ने बांध में तलाश शुरू की और बालक का शव पानी से बरामद कर लिया।
घटना के बाद परिजनों ने बालक की मौत को लेकर संदेह जताया है। उनका कहना है कि पूरे घटनाक्रम की जांच की जानी चाहिए। फिलहाल पुलिस ने शव को बाहर निकलवाकर मामले में मर्ग कायम किया है। पुलिस का कहना है कि घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।