वर्षों से क्षतिग्रस्त पड़े तकीपुर डैम का निर्माण कार्य अब शुरू हो गया है, जिसको 15 जून से पहले पूर्ण किया जाना है, लेकिन कार्य की धीमी गति और घटिया गुणवत्ता से आक्रोशित होकर पिपलिया मीरा, शेरपुर, तकीपुर और चंदेरी के ग्रामीण डैम निर्माण स्थल पर पहुंच गए और कार्य में तेजी लाने तथा गुणवत्ता को सुधारने की मांग को लेकर नारेबाजी करने लगे।
जब इस बात की जानकारी स्थानीय जनप्रतिनिधियों को हुई तो सीहोर से तत्काल सामाजिक कार्यकर्ता पंकज शर्मा और स्थानीय जनपद सदस्य प्रतिनिधि जय सिंह भारती मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों की जायज मांगों का समर्थन करते हुए डैम के कार्य में तेजी लाए जाने तथा घटिया निर्माण सामग्री का इस्तेमाल बंद कर तुरंत अच्छी निर्माण सामग्री के साथ उनकी गुणवत्ता पूर्ण निर्माण की मांगों का समर्थन किया।
पंकज शर्मा और जय सिंह भारती ने ग्रामीणों को विश्वास दिलाया कि वे हर तरह से उनके साथ हैं और किसी भी हाल में डैम में घटिया निर्माण सामग्री का उपयोग नहीं होने दिया जाएगा। इस पर ग्रामीणों ने बताया कि इस डैम में चार से पांच गांव की नदियों का पानी आता है और अब बरसात आने को है, इसलिए निर्माण की गुणवत्ता के साथ ही तेजी से काम होना भी जरूरी है, ताकि बारिश से पहले यह कार्य पूर्ण हो जाए। ऐसा इसलिए क्योंकि यदि बारिश शुरू हो गई तो फिर यह मामला एक साल के लिए लटक जाएगा और ग्रामीणों को गर्मी में भारी जलसंकट का सामना करना पड़ेगा।