भोपाल ब्यावरा मार्ग स्थित जवाहर नवोदय स्कूल के सामने एक मकान में कुछ लोगों द्वारा ट्रक चालकों की मिली भगत से गेहूं की बोरियां उतारकर इन्हें दूसरी बोरियों में भरा जा रहा था। सूचना पर अधिकारी अमले के साथ मौके पर पहुंचे। अचानक राजस्व अधिकारी और अमले को देख आरोपियों ने दरवाजा बंद कर लिया। दूसरे गेट पर बाहर से ताला लगा हुआ था। तीन घंटे मकान के बाहर राजस्व अधिकारी अमले के साथ मकान का ताला खुलवाने के लिए मकान मालकिन से चाबी लाकर ताला खोलने को लेकर चर्चा करते रहे।
इस दौरान मकान के अंदर छिपे तीनों आरोपी छत से कूदकर खेतों से भाग निकले। राजस्व अधिकारी ने श्यामपुर थाना पुलिस को इसकी सूचना दी। शाम चार बजे जिला मुख्यालय पर खाद्य इंस्पेक्टर ओमप्रकाश यादव के पहुंचने के बाद पंचनामा बनाकर मकान के गेट पर लगा ताला तोड़कर कार्रवाई की गई।
खाद्य अधिकारी ने मकान के अंदर रखे सरकारी गेहूं की 30 बोरी को जब्त कर वेयर हाउस की सुपुर्दगी में देकर जांच में लिया है। तहसीलदार अर्चना शर्मा के अनुसार ट्रकों से सरकारी गेहूं की भरी बोरियों को उतारकर दूसरी बोरियों में भरकर बेचने की तैयारी की गई थी। मकान के अंदर और बाहर बैरागढ़ खुमान और सौंठी सोसायटी की टैग लगी दर्जनों खाली प्लास्टिक की बोरियां मिली हैं।