रेहटी थाने के घेराव के दौरान आदिवासी संगठन के लोग
- फोटो : अमर उजाला
सीहोर में आदिवासी संगठन ने शनिवार को रेहटी थाने का घेराव कर दिया। इस दौरान उन्होंने मांग की कि एक नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में कार्रवाई की जाए। आदिवासियों ने थाने में प्रदर्शन भी किया। मामले को लेकर पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह ने भी कार्रवाई की मांग की।
जानकारी के मुताबिक, रेहटी थाने में आदिवासी संगठन ने थाने का घेराव किया। इस दौरान उन्होंने जमकर नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। बताया गया है कि ग्राम बायां में आदिवासी नाबालिग बालिका से 14 फरवरी को दुष्कर्म किया गया है। रेहटी थाने के ग्राम बायां में आदिवासी समाज की नाबालिग से दुष्कर्म की रिपोर्ट पीड़िता ने दर्ज कराई थी।
पीड़ित परिवार दूसरे शख्स को आरोपी नहीं बनाने से नाराज
पीड़िता के बयान के अनुसार, रेहटी पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। लेकिन आदिवासी संगठन और पीड़िता के परिवार ने शनिवार को रेहटी थाने का घेराव किया। उनका कहना है कि घटना में एक अन्य आरोपी की संलिप्तता थी, अभी उसकी गिरफ्तारी होना बाकी है।
आरोप है कि पुलिस ने रिपोर्ट में उसे आरोपी नहीं बनाया। इसी से नाराज आदिवासियों ने जमकर प्रदर्शन किया और थाने का घेराव कर कार्रवाई की मांग की।
पूर्व सीएम ने ट्वीट कर की कार्रवाई की मांग
मामले में पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने भी कार्रवाई करने के लिए ट्वीट किया है। साथ ही उन्होंने कहा कि अगर कार्यवाही नहीं होती है तो मैं थाने में धरना दूंगा।
इस मामले को लेकर एसडीओपी शशांक गुर्जर ने कहा कि इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। आगे 164 के कथन पर जो वैधानिक कार्रवाई होगी की जाएगी।