सीहोर के जिला पंचायत सभाकक्ष में आयोजित टीएल बैठक में कलेक्टर प्रवीण सिंह ने बे मौसम बारिश से प्रभावित फसलों की जानकारी लेते हुए कहा कि किसानों द्वारा यह शिकायत की जा रही है कि बीमा कंपनी के टोल फ्री नंबर पर फोन नहीं लगता है। बैठक में कलेक्टर ने स्वंय अपने मोबाइल से बीमा कंपनी के टोल फ्री टेलीफोन नम्बर पर फोन लगाया। टोल फ्री टेलीफोन नम्बर पर फोन नहीं लगने पर कलेक्टर ने नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि ऐसा नहीं चलेगा। कलेक्टर ने उपस्थित फसल बीमा कंपनी के प्रतिनिधि को टोल फ्री नंबर 24 घंटे क्रियाशील रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसानों को 72 घंटे के भीतर फसल क्षति की जानकारी देना आवश्यक होता है। इसलिए टोल फ्री नंबर हमेशा चालू रहना चाहिए।
बैठक में कलेक्टर प्रवीण सिंह ने सभी एसडीएम को रबी फसल के रकबे का गुणवत्तापूर्ण सत्यापन का कार्य समय सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी एसडीएम से कहा कि उनके अधीनस्थ राजस्व अधिकारियों-कर्मचारियों द्वारा सत्यापन नहीं किया जा रहा है, उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया जाए। कलेक्टर ने जिला श्रम अधिकारी को निर्देश दिए कि जिले में संबल योजना के प्रकरणों की जिलेभर की जानकारी एकत्र की जाए। ताकि जिन हितग्राहियों के भुगतान शेष रह गए हैं उनके लिए शासन से बजट की मांग की जा सके।
लाडली योजना में समयसीमा में समग्र पोर्टल पर ई-केवाईसी कराया जाए
कैलेक्टर ने बैठक में कहा कि मुख्यमंत्री लाडली बहना योजना महिलाओं को सशक्त बनाने वाली महत्वपूर्ण योजना है। इस योजना का लाभ सभी पात्र महिलाओं को मिले और कोई भी महिला इस योजना से वंचित न रहे, इसके लिए आवश्यक है कि सभी नागरिकों का समयसीमा में समग्र पोर्टल पर ई-केवाईसी कराया जाए।
कलेक्टर प्रवीण सिंह ने टीएल बैठक के दौरान सभी अधिकारियों को लाडली बहना योजना के लिए 25 तारीख के पूर्व समग्र पोर्टल पर महिलाओं की ई-केवाईसी करने के निर्देश दिए। उन्होंने नगरीय निकाय वार तथा जनपद वार किए जा रहे ई-केवाईसी की विस्तार से समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने आष्टा नगरपालिका के मुख्य नगरपालिका अधिकारी द्वारा धीमी गति से ई-केवाईसी किए जाने पर घोर नाराजगी जाहिर करते हुए, उन्हें 24 मार्च तक आष्टा नगरपालिका के अंतर्गत सभी महिलाओं की समग्र पोर्टल पर ई-केवाईसी के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि लाडली बहना योजना के लिए 25 मार्च से पंजीयन प्रारंभ होगा। पंजीयन का कार्य व्यवस्थित ढंग से सुनिश्चित करने के लिए महिला एवं बाल विकास अधिकारी को जिले में लगाये जाने वाले कैम्प का शेड्यूल जारी करने तथा नियमित रिपोर्टिंग के निर्देश दिए हैं। उन्होंने लाडली बहना योजना के पंजीयन के व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार के लिए सभी एसडीएम,जनपद सीईओ एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं। जिले में 3 लाख 69 हजार महिलाओं की समग्र पोर्टल पर ई-केवाईसी कि जाना है।
बुधनी आईटीआई के हॉस्टल अधीक्षक को कारण बताओ नोटिस
कलेक्टर सिंह ने बुधनी आईटीआई के हॉस्टल का ठीक ढंग से संचालन और प्रबंधन नहीं करने के लिए अधीक्षक को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने सीएम हेल्पलाइन, समाधान ऑनलाइन, सीएम मॉनिट तथा लंबित आवेदनों का समय सीमा में निराकरण करने के संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए।