Sehore: चोर चोरी से पहले नए-नए तरीके अपनाते हैं। इसी कड़ी में बीती रात हाउसिंग बोर्ड कालोनी निवासी डॉक्टर आरके वर्मा के यहां कार्यरत कर्मचारी संतोष विश्वकर्मा के सूने आवास पर चोरों ने चोरी करने का नया तरीका अपनाया। चोरों ने पहले तो पड़ोसियों के घर के बाहर दरवाजों की कुंडी लगाई, फिर बड़े आराम से पीड़ित के घर से लाखों का कीमती सामान, नकदी और जेवरातों पर हाथ साफ कर दिया। पुलिस चोरों के सुराग लगाने में जुट गई है।
शहर में चोरी का अनोखा मामाल सामने आया है। बता दें कि यहां चोरों ने पॉश कालोनी कहलाने वाली हाउसिंग बोर्ड कालोनी में संतोष वर्मा के एक सूने मकान को निशाना बनाया। संतोष वर्मा जिला अस्पताल में कार्यरत डॉक्टर आरके वर्मा के यहां काम करते हैं। बीती रात वह अपनी सास को गंभीर बीमारी के चलते इलाज हेतु इंदौर ले गए थे।
विज्ञापन
बताया जा रहा है कि इस दौरान घर पर कोई नहीं था। चोरों ने इसी बात का लाभ लेते हुए सूने आवास पर धावा बोलने के पहले पड़ोसियों के घरों की बाहर से कुंडी लगा दी। ताकि आहट होने पर कोई आसानी से बाहर नहीं आ सके। चोरों ने इसके बाद ईडब्ल्यूएस 134 हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी वार्ड नंबर 21 निवासी संतोष वर्मा के घर पर बड़े आराम से चोरी को अंजाम दिया। रात को चोरों ने घर के गेट का और अंदर के गेट का ताला तोड़कर घर का कीमती सामान नकदी, गहने आदि लाखों रुपए का सामान चोरी कर ले गए।
चोरी होने का पता सुबह पड़ोसियों को लगा
चोरी होने का पता सुबह पड़ोसियों को तब लगा। जब वह सुबह जागे और दरवाजा खोलना चाहा तो बाहर से दरवाजे की कुंडी लगी पाई। इसके बाद अन्य पड़ोसियों से दरवाजे की कुंडी खुलवाई और आसपास का निरीक्षण किया तो ये समझते देर नहीं लगी कि यह सब चोरों का कारनामा है।