सलकनपुर धाम में आठ लाख की चोरी
- फोटो : अमर उजाला
मध्यप्रदेश के सीहोर जिले में स्थित प्रसिद्ध सलकनपुर देवी धाम में लाखों की चोरी का मामला सामने आया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक चोरों ने मंदिर में रखे दान के पैसे और आभूषण पार कर दिए। वहीं,मंदिर से जुड़े लोगों ने नोटों से भरे बोरे चोरी होने की बात कही है। कलेक्टर प्रवीण सिंह ने चोरी की घटना की पुष्टि की है। चौंकाने वाली बात ये है कि देवी धाम परिसर में कई जगह CCTV कैमरे लगे हैं, लेकिन इसके बाद भी यहां लाखों की चोरी हो गई, ये घटना मंदिर की सुरक्षा पर सवाल उठा रही है। इस मामले में पांच पुलिसकर्मियों को सस्पेंड किया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मंदिर से करीब 8 लाख की चोरी हुई है। बताया जा रहा है कि चोर अपने साथ छह बोरियां ले गए हैं। जबकि नोटों से भरे दो बोरे रोपवे के पास मिले हैं। चोरों ने मंदिर परिसर में बने स्ट्रांग रूम का ताला तोड़कर लाखों की चोरी की वारदात को अंजाम दिया। फिलहाल अधिकारियों ने चोरी की रकम की पुष्टि नहीं की है। घटना का जानकारी मिलने के बाद से आईजी, सीहोर एसपी और कलेक्टर सहित पूरा प्रशासनिक अमला मंदिर में मौजूद है। रेहटी और बुदनी पुलिस ने नाकाबंदी कर लिया है। जिसकी जांच की जा रही है।
सलकनपुर धाम में चोरी पर पूर्व सीएम कमलनाथ ने ट्वीट कर प्रदेश की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए और सीएम शिवराज से आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। पूर्व सीएम ने लिखा कि जन-जन की आस्था के केंद्र सलकनपुर धाम में जिस तरह से मंदिर में चढ़ाए दान की चोरी हो गई है, उससे पता चलता है कि प्रदेश में कानून व्यवस्था की हालत कितनी खराब हो गई है और चोर-बदमाशों में कानून का कोई डर बचा नहीं है। यह सिर्फ चोरी का मामला नहीं है बल्कि करोड़ों हिंदुओं की आस्था पर चोट करने का मामला है। अगर सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में रहने वाले हमारे श्रद्धा के केंद्र भी सुरक्षित नहीं हैं तो भाजपा सरकार आम आदमी को कैसे सुरक्षा मुहैया कराएगी? मैं मुख्यमंत्री से मांग करता हूं कि अपराधियों को तत्काल गिरफ्तार किया जाए, जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और भविष्य में इस तरह की घटना ना हो, उसके पूरे इंतजाम किए जाएं।
लापरवाही बरतने पर पांच पुलिसकर्मी निलंबित
सलकनपुर मंदिर में चोरी मामले में मंदिर सुरक्षा को लेकर लापरवाही बरतने पर सीहोर एसपी मयंक अवस्थी ने पांच पुलिसकर्मियों को निलंबित किया है। सीहोर एसपी ने जिन पुलिसकर्मियों को निलंबित किया है, उनमें 18वीं वाहिनी कंपनी विशेष सशस्त्र बल में पदस्थ प्रधान आरक्षक लाल सिंह, आरक्षक आलोक सिंह भदोरिया, गौरव गुर्जर, श्याम सिंह मरकाम एवं पुष्पराज शर्मा शामिल है।