सीहोर के बस स्टैंड क्षेत्र में स्थित एक पेट्रोल पंप से शुक्रवार रात एक यात्री बस चोरी हो गई। यात्री बस को किसने चुराया है, यह अभी तक ज्ञात नहीं हो सका है। मामले में कोतवाली थाना पुलिस ने बस मालिक मुस्ताक अहमद अंसारी की शिकायत पर चोरी का प्रकरण दर्ज कर लिया है और अज्ञात चोरों की तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, सीहोर जिले में अब तक तो चोरी की घटनाएं घरों और दुकानों में ही होती थी। लेकिन बीती रात बस स्टैंड क्षेत्र में स्थित पेट्रोल पंप से एक यात्री बस चोरी हो गई है। बताया गया है कि मामले में शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर लिया है।
कोतवाली थाना प्रभारी विकास खींची ने बताया कि प्रारंभिक जांच के दौरान पता चला है कि बस इंदौर की तरफ गई है। पुलिस मामले में हर एंगल पर जांच कर रही है। दो टीमें बनाकर पुलिस दल भी बस की खोजबीन में रवाना किया गया है, लेकिन अभी चोरों के संबंध में कोई सुराग हाथ नहीं लगा है।