मुखबिर की सूचना से खुला काला कारोबार
- फोटो : credit
सीहोर जिले में डीजल माफिया का काला खेल अब पुलिस के निशाने पर आ गया है। पेट्रोल पंपों पर लाइन में खड़ी जनता के बीच कुछ मुनाफाखोर अवैध तरीके से ईंधन जमा कर कालाबाजारी कर रहे थे, लेकिन जावर पुलिस की सटीक कार्रवाई ने इस गोरखधंधे का पर्दाफाश कर दिया।
जावर थाना प्रभारी हेमंत पांडेय को मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली थी कि इंदौर-भोपाल रोड स्थित एक टपरेनुमा शेड में बड़े पैमाने पर डीजल का अवैध भंडारण किया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने बिना देर किए कार्रवाई की रणनीति तैयार की और टीम को मौके पर रवाना किया। रात के अंधेरे में पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। टीन (चद्दर) से बने गोदाम की तलाशी ली गई तो अंदर का नजारा चौंकाने वाला था। गोदाम में 32 छोटे-बड़े ड्रमों में भारी मात्रा में डीजल भरा हुआ मिला, जिसे अवैध रूप से संग्रहित किया गया था।
ये भी पढ़ें-
नाबालिग को बार-बार नोंचा: बड़ी बहन की सहेली ने नौकरी का झांसा देकर बुलाया, शराब पिलाकर कराया सामूहिक दुष्कर्म
4825 लीटर डीजल जब्त, 4 लाख का खेल उजागर
पुलिस ने मौके से कुल 4825 लीटर डीजल जब्त किया, जिसकी बाजार कीमत लगभग 4 लाख रुपये आंकी गई है। इतनी बड़ी मात्रा में डीजल का अवैध भंडारण यह साफ संकेत देता है कि यह कोई छोटा-मोटा धंधा नहीं, बल्कि संगठित कालाबाजारी का नेटवर्क था। एसडीओपी दामोदर गुप्ता ने बताया कि कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से दीपसिंह परिहार (42) निवासी जरखी, जिला शाजापुर को गिरफ्तार कर लिया। वहीं इस अवैध कारोबार में शामिल दो अन्य आरोपी जुगल जायसवाल और यश जायसवाल फिलहाल फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है।
EC एक्ट के तहत मामला दर्ज
इस पूरे मामले में पुलिस ने आवश्यक वस्तु अधिनियम (EC Act) की धारा 3/7 के तहत केस दर्ज किया है। थाना जावर में अपराध क्रमांक 106/26 के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया गया है और मामले की गहराई से जांच शुरू कर दी गई है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार शुक्ला के सख्त निर्देशों के बाद की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुनीता रावत और एसडीओपी आष्टा दामोदर गुप्ता के मार्गदर्शन में टीम ने इस ऑपरेशन को अंजाम दिया, जिससे जिले में अवैध ईंधन कारोबारियों को साफ संदेश मिल गया है।
अवैध भंडारण पर पुलिस की सख्ती जारी
पुलिस का कहना है कि जिले में डीजल, पेट्रोल और गैस सिलेंडर के अवैध भंडारण और कालाबाजारी के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जाएगा। ऐसे माफियाओं को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस बड़ी कार्रवाई के बाद इलाके में डीजल माफियाओं के बीच हड़कंप मच गया है।
मुखबिर की सूचना से खुला काला कारोबार